हरिद्वार में 12 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ तस्कर गिरफ्तार, गो संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज; 2 साथी फरार
पुलिस ने बहादराबाद, हरिद्वार में 12 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ एक तस्कर मुबारिक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दो अन्य आरोपितों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है, और आरोपित की बाइक भी जब्त की गई है।

बहादराबाद पुलिस की गिरफ्त में गोमांस तस्करी का आरोपी मुबारिक। साभार पुलिस
HighLights
बहादराबाद में 12 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद, एक गिरफ्तार।
आरोपित मुबारिक ने दो साथियों के नाम बताए, तलाश जारी।
पुलिस ने गो संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।
संवाद सूत्र, बहादराबाद(हरिद्वार)। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान 12 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ तस्कर के आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की बाइक भी सीज कर दी। पूछताछ में दो और आरोपितों के नाम सामने आए। पुलिस उन्हें भी तलाश कर रही है।
सहदेवपुर-हलवाहेड़ी जाने वाले रास्ते पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान घोड़ेवाली की ओर से बाइक पर युवक को आता देख पुलिस ने रूकने का इशारा किया। युवक ने बाइक पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम मुबारिक निवासी मुस्तफाबाद बताया। उसकी बाइक पर रखे प्लास्टिक के बाेरे की तलाशी ली तो 12 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ।
पूछताछ में मुबारिक ने बताया कि उसने इमरान और छोटन निवासी भारापुर के साथ जंगल में गोकशी कर मांस प्राप्त किया था। वह बाइक पर मांस बेचने जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर गोमांस की जांच कराई और बाकी गड्ढे में दबवा दिया।
कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ गो संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। मुबारिक को जेल भेज दिया गया। जबकि उसके साथियों को तलाश किया जा रहा है।