'दवा है' कहकर पति ने पत्नी को पानी में जहर देकर उतारा मौत के घाट, हरिद्वार में हुई खौफनाक वारदात
बहादराबाद, हरिद्वार में एक पति ने अपनी बीमार पत्नी को दवा के बहाने पानी में सल्फास मिलाकर पिला दिया, जिससे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पति ने बीमार पत्नी को दवा के बहाने सल्फास दिया।
महिला की मौत के बाद पति पर हत्या का मुकदमा।
आरोपी पति पैसों के लिए पत्नी को परेशान करता था।
संवाद सूत्र जागरण, बहादराबाद (हरिद्वार)। बीमार पत्नी को पति ने दवा देने के बहाने पानी में सल्फास की गोली मिलाकर पिला दी। इससे महिला की मौत हो गई। पुलिस ने महिला के भाई की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव मरगूबपुर दीदाहेड़ी निवासी अनीस ने मुकदमा दर्ज कराया। इसमें बताया कि करीब बीस वर्ष पूर्व उसकी बहन हसरूबा की शादी अफजाल निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद के साथ हुई थी। उसकी बहन एक वर्ष से बीमार चल रही थी। पति अफजाल पैसों के लिए उसे परेशान करता था।
24 जनवरी को अफजाल ने दवा देने के बहाने पानी में सल्फास की गोली मिलाकर उसकी बहन को पिला दी। इससे हसरूबा की हालत बिगड़ गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर देखते हुए मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने उसकी बहन से पूछताछ की।
हसरूबा ने पुलिस को बताया कि पति ने उसे दवा के बहाने पानी में जहर घोलकर पिलाया है। इसके बाद पुलिस ने हसरूबा के बयान दर्ज कराने के लिए नायब तहसीलदार रूड़की को बुलाया।
नायब तहसीलदार अस्पताल पहुंचकर हसरूबा के बयान दर्ज किए। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। उपचार के दौरान हसरूबा की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्होंने शव दफना दिया। शुक्रवार को अनीस ने अफजाल पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
