हरिद्वार में पत्नी ने की बेवफाई तो टावर पर चढ़ा पति, अंधेरा होते ही डरकर उतरा नीचे
हरिद्वार में एक युवक अपनी पत्नी के प्रेमी संग फरार होने के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस के ...और पढ़ें
-1791822734936_m.webp)
HighLights
प्रेमी संग फरार पत्नी को ढूंढने हरिद्वार पहुंचा युवक।
पुलिस के समझाने पर भी नहीं उतरा, पत्नी ने किया इनकार।
अंधेरा होने पर डर से खुद नीचे उतरा, पुलिस हिरासत में।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। प्रेमी संग फरार हुई पत्नी को ढूंढते हुए हरिद्वार पहुंचा बलिया उत्तर प्रदेश निवासी एक युवक शिवालिकनगर में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसकी मांग थी कि पुलिस उसे पत्नी से मिलवाए। मोबाइल पर बात कराने पर लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश में मौजूद पत्नी ने मिलने से इनकार कर दिया। काफी प्रयास के बाद भी वह नहीं उतरा। देर शाम अंधेरा होने पर डर के कारण आरोपित खुद नीचे उतर आया। सात घंटे तक हाइवाेल्टेज ड्रामा करने वाले आरोपित को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, शिवालिकनगर में एक युवक सोमवार सुबह करीब 11 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर रानीपुर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से बातचीत की। युवक ने अपना नाम विशाल राम निवासी ग्राम मिल्की, थाना बैरिया, जिला बलिया उत्तर प्रदेश बताया और कहा कि उसकी पत्नी को ढूंढकर लाया जाए। युवक ने बताया कि पत्नी कई दिन पहले प्रेमी के साथ चली गई है। वह गुजरात से पहले बढ़ौत, बागपत पहुंचा और फिर हरिद्वार आया है। कई दिन तलाश के बावजूद पत्नी नहीं मिल रही है।
युवक से पत्नी का मोबाइल नंबर लेकर पुलिस ने उसकी बात कराई। लेकिन पत्नी ने उससे मिलने और साथ रहने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया। अग्निशमन टीम और एसडीआरएफ भी युवक को सुरक्षित उतारने की जद्दोजहद में जुटी रही, मगर वह नहीं माना। देर शाम अंधेरा होने पर आरोपित को डर सताने लगा, तब वह नीचे उतर आया।
तब पुलिस ने राहत की सांस ली। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपित की पत्नी फिलहाल लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश है, उसने युवक से मिलने व साथ रहने से इनकार कर दिया है। आरोपित के परिवार से संपर्क किया जा रहा है। स्वजनों के आने पर युवक को उनके सुपुर्द किया जाएगा।
बढ़ौत पुलिस ने भी की खातिरदारी
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि विशाल अपनी पत्नी के साथ गुजरात रहता आ रहा था। कुछ दिन पहले पत्नी गुजरात से ही प्रेमी के साथ चली गई। फोन पर बात होने पर विशाल को पता चला कि पत्नी बढ़ौत, बागपत में है। वह पत्नी को ढूंढते हुए बढ़ौत पहुंच गया और तलाश करने पर पत्नी नहीं मिली तो मोबाइल टावर पर चढ़ गया। स्थानीय पुलिस ने पत्नी से मोबाइल पर बात कराई, तब भी पत्नी ने मिलने और साथ रहने से मना कर दिया था। तब बढ़ौत पुलिस ने भी युवक को फटकार लगाई थी। हरिद्वार आकर भी आरोपित ने यही फार्मूला अपनाया।- मेहताब आलम
