हरिद्वार में गंगा की तेज धारा के बीच टापू पर फंसे 30 से ज्यादा श्रद्धालु, एसडीआरएफ-एनडीआरएफ ने किया रेस्क्यू
हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान 30 से अधिक श्रद्धालु तेज धारा के बीच एक टापू पर फंस गए। एसडीआरएफ ...और पढ़ें
HighLights
गंगा की तेज धारा में फंसे 30 से अधिक श्रद्धालु
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने किया सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित टापू से बाहर निकाला गया
जागरण संवाददाता हरिद्वार। गंगा में स्नान और पूजन के लिए जाना शनिवार को 30 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए मुसीबत बन गया। अचानक गंगा की धारा का प्रवाह तेज होने से श्रद्धालु बीच धारा में स्थित टापू पर फंस गए।
श्रद्धालुओं को जल के तेज प्रवाह के बीच फंसा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गंगा में स्नान और पूजन के लिए गए थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे 30 से अधिक श्रद्धालु दीनदयाल पार्किंग के ठीक सामने नीलधारा की ओर गंगा में स्नान और पूजन के लिए गए थे। इसी दौरान गंगा की दाहिनी धारा में अचानक पानी का प्रवाह बढ़ गया।
देखते ही देखते तेज बहाव ने श्रद्धालुओं के वापस लौटने का रास्ता रोक दिया। ऐसे में सभी श्रद्धालु गंगा के बीच स्थित टापू पर फंस गए। जल का बहाव लगातार तेज होने के कारण श्रद्धालुओं के लिए खुद सुरक्षित बाहर निकलना संभव नहीं था।
श्रद्धालुओं के फंसे होने की सूचना पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। बोट की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। फिर जवानों ने श्रद्धालुओं को बोट में बैठाया और सुरक्षित दीनदयाल पार्किंग की ओर पहुंचाया। सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद राहत की सांस ली गई।
बता दें कि इन दोनों गंग नहर बंदी के कारण हरकी पैड़ी सहित किसी भी घाट पर गंगाजल उपलब्ध नहीं है। जिसके कारण श्रद्धालुओं को गंगा की मुख्य धारा की ओर स्नान पूजन के लिए जाना पड़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।