हरिद्वार में त्योहारी बहार: एसयूवी, सीएनजी और इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में उछाल
हरिद्वार में त्योहारी सीजन में कार बाजार में रौनक बढ़ी है, सितंबर तक 5500 कारें बिकीं और नवरात्र-धनतेरस में 1500 से अधिक बिक्री की उम्मीद है।
-1792344343679_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
गौरव त्यागी, जागरण हरिद्वार। त्योहारी सीजन में कार बाजार में रौनक बढ़ी है। ग्राहकों की पसंद भी तेजी से बदल रही है। पहले जहां छोटी और कम कीमत वाली कारों को प्राथमिकता दी जाती थी, वहीं अब अधिक जगह, बेहतर सुरक्षा सुविधाओं और स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) की ओर भी ग्राहकों का रुझान बढ़ा है।
इस वर्ष हरिद्वार में सितंबर तक करीब 55 सौ कारों की बिक्री हुई है। नवरात्र व धनतेरस मिलाकर ये आंकड़ा 15 सौ के पार जा सकता है।
कार खरीदने वालों के सामने अब केवल कीमत और माइलेज का सवाल नहीं है।
नई कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए कंपनियां अलग-अलग कीमतों, सुविधाओं और तकनीक वाले विकल्प पेश कर रही हैं। परिवार के सदस्यों की संख्या, रोजाना चलने की दूरी, शहर में पार्किंग की सुविधा, लंबी यात्रा की जरूरत और रखरखाव का खर्च भी खरीदारी के फैसले को प्रभावित कर रहे हैं।
छोटी कारें उन परिवारों के लिए उपयोगी विकल्प हैं, जिन्हें सीमित बजट में निजी आवागमन की सुविधा चाहिए। एसयूवी में ज्यादा जगह और ऊंची सीटिंग की सुविधा मिलने के कारण यह श्रेणी भी ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प है।
त्योहारी सीजन में कार कंपनियां कई तरह के आफर ग्राहकों को दे रही हैं। कोई दाम में सीधे छूट दे रही है तो कोई वारंटी, एक्सेसरीज व सर्विस में लुभावने आफर दे रही है। मारूति सुजूकी ग्राहकों की पहली पसंद है।
इसके बाद महिंद्रा की गाड़ियों की बिक्री करीब 250 और टाटा की गाड़ियों की बिक्री भी करीब 200 तक पहुचं गई है। हुंडई, किआ और टोयोटा की कुछ कारें भी ग्राहकों को लुभा रही हैं।
कुछ माडल पर एक से डेढ़ माह तक की वेटिंग
मारूति सुजूकी शाकुंभरी आटोमोबाइल्स के सेल्स मैनेजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि ज्यादातर युवाओं की पसंद अब एसयूवी ही है। नवरात्र में करीब 175 कारों की डिलीवरी उन्होंने दी है। धनतेरस पर करीब 200 तक आंकड़ा पहुंचने की उम्मीद है। ब्रेजा पर डेढ़ से दो माह की वेटिंग चल रही है। ज्यादातर ग्राहकों ने नवरात्र और धनतेरस पर डिलीवरी के लिए पहले की बुकिंग की हुई है।
पेट्रोल से लेकर सीएनजी व इलेक्ट्रिक कार तक
ईंधन का चुनाव भी खरीदारी के फैसले का अहम हिस्सा है। पेट्रोल कारों के अलावा सीएनजी और इलेक्ट्रिक कारों के विकल्प भी मौजूद हैं। सीएनजी कार खरीदने वाले ग्राहकों के लिए ईंधन भरवाने की सुविधा और रोजाना चलने वाली दूरी महत्वपूर्ण है।
इलेक्ट्रिक कारों के मामले में घर या कार्यस्थल पर चार्जिंग की व्यवस्था, एक बार चार्ज करने पर तय होने वाली दूरी और बैटरी की वारंटी का भी ग्राहक ध्यान रख रहे हैं।
ईएमआई से हो रहा कार का सपना साकार
मध्यम वर्गीय परिवार का कार सपना ईएमआई से साकार हो रहा है। सभी शोरूम पर बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहते हैं। जो ग्राहकों के बजट के मुताबिक उन्हें कार ऋण लेने में मदद करते हैं।
कार खरीदने की योजना बनाने वाले परिवार शुरुआती कीमत के साथ उसकी कुल लागत का आकलन करके ही निर्णय ले रहे हैं। बीमा, पंजीकरण, ईंधन, नियमित सर्विस और अन्य रखरखाव खर्च के साथ बैंक से ऋण लेकर कार खरीदने वालों को मासिक किस्त के साथ ब्याज की कुल राशि भी देख रहे हैं।
