विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हरिद्वार:पतंजलि गुरुकुल में साध्वी ने पांचवीं मंजिल से कूदकर दी जान, मध्य प्रदेश की निवासी थी साध्वी देवज्ञा, 2018 में लिया था संन्यास

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Sun, 03 Oct 2021 11:56 AM (IST)Updated: Sun, 03 Oct 2021 07:19 PM (IST)

पतंजलि के शिक्षण संस्थान वैदिक कन्या गुरुकुल में एक साध्वी ने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। वे 2018 से यहां अध्यापन करा रही थीं। साथ ही खुद भी शिक्षा हासिल कर रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है।

हरिद्वार: पतंजलि के शिक्षण संस्थान की छत से कूदकर साध्वी ने की आत्महत्या।
हरिद्वार: पतंजलि के शिक्षण संस्थान की छत से कूदकर साध्वी ने की आत्महत्या।

संवाद सूत्र, बहादराबाद: पतंजलि योगपीठ के अधीन संचालित वैदिक कन्या गुरुकुल के हास्टल में रह रही एक साध्वी ने पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया। कमरे से मिले सुसाइड नोट में भी साध्वी ने आत्महत्या की कोई वजह नहीं लिखी है। सिर्फ यह लिखा है कि 'मैंने अपनी मर्जी से संन्यास लिया था और अपनी मर्जी से ही मृत्यु को प्राप्त कर रही हूं '। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है।

मूल रूप से मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गांव सेमलिया हीरा की रहने वाली साध्वी यहां महाभाष्य विषय से एमए की पढ़ाई भी कर रही थीं। वह संस्था में सेवा भी करती थीं। परिवार से वह कम ही संपर्क रखती थी। पतंजलि योगपीठ से सटे परिसर में स्थित वैदिक कन्या गुरुकुल में तड़के साढ़े चार बजे यह घटना सामने आई। छात्राएं और महिला सेवादार इस हास्टल में रहती हैं। मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी साध्वी देवज्ञा का लहूलुहान शव हास्टल के परिसर में पड़ा मिला। वह हास्टल की पांचवीं मंजिल पर कमरा नंबर 507 में अन्य महिला सेवादारों के साथ रहती थीं। महिला सेवादारों ने उसे परिसर में इस हालत में देखा। साध्वी को तत्काल भूमा निकेतन अस्पताल ले जाया गया, डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साध्वी के कमरे में एक रजिस्टर में सुसाइड नोट लिखा मिला। उसमें उसने धर्म और अध्यात्म की बातों के साथ ही अपनी इच्छा से आत्महत्या करने का उल्लेख किया है।

देवज्ञा वर्ष 2015 में वैदिक कन्या गुरुकुल में अध्ययन के लिए आई थी। वर्ष 2018 में योग गुरु बाबा रामदेव से संन्यास लिया। इसके बाद साध्वी ने गुरुकुल में सेवा कार्यों में हाथ बंटाने के साथ ही पढ़ाई भी जारी रखी। इन दिनों वह एमए की पढ़ाई कर रही थीं। अपने घरवालों से उनका कम ही संपर्क रहता था। उनका मूल नाम राधा पाटीदार था। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का होना प्रतीत हो रहा है।

आठ पन्नों में लिखा है सुसाइड नोट

साध्वी ने रजिस्टर के आठ पन्नों पर सुसाइड नोट लिखा है। जिसमें ज्यादातर बातें धर्म और आध्यात्म से जुड़ी हैं। गायत्री मंत्र सहित कई श्लोक लिखे गए हैं। कुछ अजीबोगरीब बातें भी इसमें लिखी हुई हैं। जैसे एक पन्ने पर साध्वी देवज्ञा ने लिखा है कि जानती हूं कि जो आत्महत्या करते हैं वे अधोगति को प्राप्त होते हैं, पर संन्यास धर्म को बचाना है। संकल्प लिया था कि मैं संन्यास धर्म में ही मरूं। साध्वी ने एक जगह यह भी लिखा है कि योग की शक्ति से ही मरूंगी, ताकि गलती होने के बाद भी योग से पार पाया जा सकता है।

सेवा कार्यों का भी किया है जिक्र

साध्वी ने सुसाइड नोट में अपने सेवा कार्यों का भी विस्तार से जिक्र किया है। एक जगह लिखा है कि मैंने दीदी से पूछकर सारा कार्य किया है। स्टोर से लेकर मेगा स्टोर तक सारा कार्य किया है। लेकिन, मुझे अंग्रेजी का ज्यादा ज्ञान नहीं था और मैं कंप्यूटर के बारे में भी नासमझ थी। बच्चों की सेवा से इसलिए दूर रहती थी, कि उनके योग्य नहीं थी। बच्चों के लिए योग्य होना आवश्यक है, हमारे संस्कार उनके अंदर जाते हैं।

कम बात करती थी साध्वी देवज्ञा

साध्वी देवज्ञा के कमरे में तीन अन्य महिला सेवादार रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि देवज्ञा गुमशुम रहती थीं। बहुत कम बोलती थीं और किसी से ज्यादा मतलब भी नहीं रखती थीं।

... तो घटना वाली रात परेशान थी देवज्ञा

घटना वाली रात देवज्ञा कुछ परेशान लग रही थी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में वह काफी देर छत पर टहलती नजर आ रही हैं। उनके चेहरे के बेचैनी के भाव नजर आ रहे हैं। हालांकि जहां से साध्वी ने छलांग लगाई, वह जगह कैमरे में नहीं आई है।

पतंजलि भी करा रहा जांच

पतंजलि के केंद्रीय प्रवक्ता एसके तिजारावाला का इस संबंध में कहना है कि साध्वी देवज्ञा की छत से गिरकर मौत हुई है। फिर भी पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार: कालेज से घर लौट रही छात्रा के साथ दरिंदगी, जबरन खेत में ले गया युवक; हाथ-पैर बांध किया दुष्कर्म

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।