मिटेंगी अखाड़ों की वर्षों पुरानी दूरियां, हरिद्वार अर्धकुंभ की भव्यता के लिए एक मंच पर आएंगे 13 अखाड़े
अर्धकुंभ से पहले हरिद्वार में अखाड़ों के बीच वर्षों पुरानी दूरियां मिटाने और सनातन धर्म की शक्ति को एकजुट करने की पहल तेज हो गई है।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और मिश्री मठ के परमाध्यक्ष ने तेरह अखाड़ों को एक मंच पर लाने के प्रयास शुरू किए हैं।
HighLights
अर्धकुंभ से पहले अखाड़ों में एकता की पहल तेज हुई।
तेरह अखाड़ों को एक मंच पर लाने की रणनीति बनी।
आंतरिक विवाद सुलझाने को संत कर रहे हैं प्रयास।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अर्धकुंभ की तैयारियों के बीच अखाड़ों के बीच वर्षों से चली आ रही दूरियां मिटाने और सनातन धर्म की शक्ति को एकजुट करने की पहल तेज हो गई है। तेरह अखाड़ों को एक मंच पर लाने के साथ ही नया उदासीन, बड़ा उदासीन और निर्मल अखाड़े के आंतरिक विवादों को सुलझाने की रणनीति बनाई गई है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (निरंजनी) के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज और मिश्री मठ के परमाध्यक्ष स्वामी करौली शंकर महाराज ने आपसी सहमति से इस दिशा में प्रयास शुरू किए हैं। संतों ने उम्मीद जताई कि अर्धकुंभ तक अखाड़ों के बीच मनमुटाव दूर कर एकता का संदेश दिया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि सभी का संकल्प है कि आगामी अर्धकुंभ कुंभ की भांति दिव्य और भव्य हो। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी सभी अखाड़ों ने इसी भावना के साथ आयोजन कराने पर सहमति जताई थी। हालांकि, अखाड़ों के बीच कुछ पुराने विवाद उभर आए। उन्होंने कहा कि अखाड़ों की परंपरा में शास्त्रार्थ के साथ शस्त्रार्थ और वाद-विवाद भी रहे हैं। सनातन धर्म की रक्षा के लिए अखाड़ों ने मुगलकाल से लेकर अंग्रेजी शासन तक संघर्ष किया। आदि जगद्गुरु शंकराचार्य ने धर्म और संस्कृति की रक्षा के उद्देश्य से अखाड़ों की स्थापना की थी।
स्वतंत्रता के बाद अखाड़ों को अपेक्षित जिम्मेदारियां नहीं मिलीं, जिसके चलते उन्होंने अपने स्तर पर सामाजिक और धार्मिक गतिविधियां संचालित कीं। श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज कि अखाड़ों की एकता का अर्थ अखाड़ा परिषद का चुनाव नहीं, बल्कि संतों के बीच दिलों का मिलना है। जो अभी हाल के दिनों में मिल गए हैं। बीते रविवार को उनकी आत्मीय मुलाकात महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज और नया उदासीन के मुख्य महंत स्वामी भगत राम महाराज से भी हुई। नया उदासीन अखाड़े के दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव दूर करने के साथ बड़ा उदासीन और निर्मल अखाड़े के संतों को भी साथ लाने का प्रयास किया जा रहा है।
योग्य संत के सम्मान और प्रतिष्ठा में कोई कमी न रहे, इसका आश्वासन दिया जा रहा है। स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि अर्धकुंभ से पहले संतों का एक स्थान पर बैठना शुभ संकेत है। कुछ महापुरुषों के अलग-अलग संचालन के कारण दूरियां बढ़ी थीं, लेकिन अब सभी पक्ष बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि तीनों अखाड़ों के आंतरिक मतभेद दूर करने के लिए रणनीति बनाई गई है। इसका उद्देश्य तेरहों अखाड़ों की स्वतंत्र पहचान और परंपरा अक्षुण्ण रखते हुए उनकी सामूहिक शक्ति को मजबूत करना है। उन्होंने दोनों श्रीमहंतों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अखाड़ों की एकता का संदेश देश-दुनिया के सनातन समाज तक पहुंचेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।