विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में हैप्पी हत्याकांड का मास्टरमाइंड इस्तेखार सहारनपुर से गिरफ्तार, एक तमंचा बरामद

Published: Tue, 29 Sep 2026 02:24 PM (IST)

हरिद्वार के बहादराबाद में बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के मास्टरमाइंड इस्तेखार को सहारनपुर के छुटमलपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मास्टरमाइंड इस्तेखार सहारनपुर के छुटमलपुर से गिरफ्तार।

  2. ब्लैकमेलिंग के कारण हैप्पी की हत्या की साजिश रची।

  3. गिरफ्तार आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। बहादराबाद के शान्तरशाह में पिछले दिनों बाइक मैकेनिक हैप्पी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने चार दिन पहले मुठभेड़ में सहारनपुर के शूटर मुदस्सिर को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश किया था।

सामने आया था कि मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर गांव में पूर्व में सैलून चलाने वाले इस्तेखार ने हैप्पी की हत्या कराई थी। दरअसल, इस्तेखार स्मैक का धंधा करता है और हैप्पी काफी समय से इस्तेखार को ब्लैकमेल करते हुए पुलिस से पकड़वाने की धमकी दे रहा था। जिससे तंग आकर इस्तेखार ने उसकी हत्या की साजिश रची थी।

मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी बहादराबाद थाने की पुलिस ने आखिरकार सहारनपुर के छुटमलपुर से इस्तेखार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं।

इंस्पेक्टर बहादराबाद अमरजीत सिंह ने बताया कि अब इस मामले में दूसरे शूटर शादाब, हत्या के लिए तमंचा उपलब्ध कराने वाले साबिर और बाइक उपलब्ध कराने वाले समीर की तलाश की जा रही है। सभी आरोपित सहारनपुर के निवासी हैं।

यह भी पढ़ें- सिनेमेटोग्राफी का डिप्लोमा करने मुंबई गई हरिद्वार की युवती, एकेडमी संचालक की नीयत हुई खराब... पत्नी संग मिलकर कई बार किया दुष्कर्म