हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में बवाल, कुलसचिव को जमीन पर गिराकर पीटा
हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारियों और प्रशासन के बीच चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
HighLights
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारियों-प्रशासन विवाद हिंसक हुआ
कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार को जमीन पर गिराकर पीटा गया
कुलपति घायल कुलसचिव को कनखल कोतवाली ले गईं
जागरण संवाददाता हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारियों और प्रशासन के बीच कई दिनों से चल रहा विवाद शनिवार को हिंसक हो गया। कुलपति कार्यालय के बाहर कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट की गई।
आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें जमीन पर गिराकर जमकर पीटा। अचानक हुई घटना से विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा स्वयं घायल कुलसचिव को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं। पुलिस की मौजूदगी में उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
कर्मचारी यूनियन और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच लगातार तनातनी
जानकारी के अनुसार, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे थे। इस दौरान कर्मचारी यूनियन और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच लगातार तनातनी बनी हुई थी।
आंदोलन के चलते विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात कर्मचारियों का आंदोलन समाप्त हुआ था। इसके अगले ही दिन शनिवार को कुलसचिव के साथ मारपीट की घटना हो गई।
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, कुलपति कार्यालय के बाहर कुछ लोगों ने कुलसचिव को घेर लिया। इसके बाद उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा गया। मारपीट में कुलसचिव घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा मौके पर पहुंचीं और घायल कुलसचिव को अपने साथ कनखल कोतवाली ले गईं।
वहीं, कर्मचारी यूनियन से जुड़े लोग भी मेडिकल परीक्षण कराने के लिए कोतवाली पहुंचे। इससे दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी विवि के छात्रों का कमाल, सीमा पर सैनिकों तक दवाइयां पहुंचाएगा हाइब्रिड ड्रोन