हरिद्वार से पशुपतिनाथ रवाना हुआ गंगोत्री का 5000 लीटर गंगाजल, पूरे साल होगा भगवान शिव का जलाभिषेक
हरिद्वार से गंगोत्री का पांच हजार लीटर गंगाजल नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के लिए रवाना किया गया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (निरंजनी) और मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने बुधवार को निरंजनी अखाड़े में श्रीगंगा कलश यात्रा का स्वागत किया। चरण पादुका मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा को नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के लिए रवाना किया गया।
गंगोत्री धाम के तीर्थपुरोहित शिव प्रकाश विशाल कलश में पांच हजार लीटर गंगाजल लेकर हरिद्वार पहुंचे थे। इस जल से पूरे वर्ष पशुपतिनाथ धाम में भगवान शिव का अभिषेक किया जाएगा। श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी ने कहा कि यह पवित्र जल पशुपतिनाथ महादेव को समर्पित होगा।
पशुपतिनाथ में मुख भाग की पूजा
उन्होंने केदारनाथ और पशुपतिनाथ के बीच विशेष आध्यात्मिक संबंध का उल्लेख करते हुए बताया कि मान्यता के अनुसार केदारनाथ में भगवान शिव के पिछले भाग और पशुपतिनाथ में मुख भाग की पूजा होती है। तीर्थ पुरोहित शिव प्रकाश ने बताया कि परंपरा के अनुसार गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद गंगाजल पशुपतिनाथ धाम ले जाकर भगवान का अभिषेक किया जाता है।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि यह पहल भारत-नेपाल के आध्यात्मिक संबंध मजबूत करेगी और अगले वर्ष यात्रा को और भव्य बनाने का प्रयास होगा। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, श्रीमहंत रामरतन गिरी, स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, महंत राज गिरी, डा. विशाल गर्ग प्रो. सुनील बत्रा और पंडित अधीर कौशिक आदि मौजूद रहे।