भिखारियों में खूनी संघर्ष, एक दूसरे पर ब्लेड से हमला
हरिद्वार हरकी पैड़ी पर भिखारियों में खूनी संघर्ष होने से अफरा-तफरी मच गई। एक भिखारी
हरिद्वार: हरकी पैड़ी पर भिखारियों में खूनी संघर्ष होने से अफरा-तफरी मच गई। एक भिखारी ने घूंसा मारकर दूसरे के दांत तोड़ दिए। जवाब में दूसरे ने ब्लेड से हमला कर दिया। दोनों के लहूलुहान होने पर श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। पुलिसकर्मी दोनों को पकड़कर चौकी ले आए।
नवरात्र के चलते हरकी पैड़ी पर इन दिनों श्रद्धालुओं की काफी भीड़ है। श्रद्धालु की संख्या बढ़ने से भिखारियों की तादाद में भी इजाफा हो जाता है। भिखारियों की धरपकड़ के लिए काफी दिनों से अभियान न चलने के कारण इनकी संख्या बढ़ी हुई है। रविवार को चौकी से कुछ दूरी पर दो भिखारियों के बीच एक श्रद्धालु से भीख मांगने को लेकर मारपीट हो गई। विवाद तब बढ़ गया, जब एक भिखारी ने दूसरे के चेहरे पर घूंसा दे मारा और दांत टूटने पर वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद घायल भिखारी ने दूसरे पर ब्लेड से हमला कर दिया। खूनी संघर्ष देख श्रद्धालु इधर-उधर हो गए। दो पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर चौकी ले आए। दोनों में किसी ने भी एक दूसरे के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। (जासं)