मरीजों के डिस्चार्ज होते ही फिर भर गया डेंगू वार्ड
संवाद सहयोगी रुड़की डेंगू के मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार
संवाद सहयोगी, रुड़की: डेंगू के मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को सिविल अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती लगभग सभी मरीजों की हालत में सुधार को देखते हुए छुट्टी कर दी गई, लेकिन कुछ घंटे बाद ही काफी संख्या में अन्य डेंगू पीड़ित मरीज अस्पताल पहुंच गए। मरीजों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें डेंगू वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। चिकित्सकों ने मरीजों का उपचार शुरू कर दिया है।
शहर से देहात तक लोग डेंगू के डंक झेल रहें हैं। डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी होती जा रही है। सोमवार को सिविल अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती मरीजों की हालत में सुधार होने पर उनकी छुट्टी कर दी गई, लेकिन कुछ ही समय बाद डेंगू के यह दोनों वार्ड अन्य डेंगू के मरीजों से से भर गए। सिविल अस्पताल में उपचार को आए बुखार से पीड़ित 12 मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। डेंगू के 34 टेस्ट सोमवार को लगाए गए थे। इनमें से 12 मरीजों की रैपीड जांच पॉजिटिव आई है। अस्पताल की पैथोलॉजिस्ट डॉ. रितु खेतान ने बताया कि 12 मरीजों के खून के सैंपल एलाइजा जांच के लिए हरिद्वार भेजे जा रहे हैं। वहीं निजी अस्पतालों में भी डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। अधिकांश अस्पतालों डेंगू मरीजों से बैड फुल हैं। अब तक डेंगू बुखार से एक अधिवक्ता और एक कारोबारी सहित 14 लोगों की मौत हो चुकी है।