संघर्ष में दोनों पक्षों के 24 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पथरी थाना क्षेत्र के बोड्ढाहेड़ी गांव में गुरुवार और शुक्रवार को मारपीट फायरिग और पथराव के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: पथरी थाना क्षेत्र के बोड्ढाहेड़ी गांव में गुरुवार और शुक्रवार को मारपीट, फायरिग और पथराव के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक पक्ष ने 11 और दूसरे पक्ष ने 13 लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरिद्वार पथरी क्षेत्र के गांव बोड्ढाहेड़ी निवासी पूर्व ग्राम प्रधान रियासत व सुलेमान सगे भाई हैं। उनके परिवारों में कई सालों से रंजिश चली आ रही है। पहले भी दोनों पक्षों में कई बार मारपीट हो चुकी है। गुरुवार शाम को दोनों पक्षों में मारपीट व पथराव हुआ था। जिसमें रियासत पक्ष के मेहरबान की बेटी घायल हो गई। आरोप है कि शुक्रवार को रियासत पक्ष ने सुलेमान पक्ष के घर पर पथराव कर दिया। उसी दौरान गोली भी चली और छर्रे लगने से सुलेमान की पत्नी तसमीम घायल हो गई। पुलिस के गांव पहुंचने से पहले ही दोनों पक्ष भाग निकले। मेडिकल कराने के बाद शुक्रवार रात दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने एक पक्ष के मेहरबान की तहरीर पर सलमान, उस्मान, अमजद, अब्दुल, अल्ताफ, युनुस, मुस्लिम, मुंतजिर, अहसान, साजिद, सलीम, वाजिद व आजाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जबकि, दूसरे पक्ष से सुलेमान के बेटे अमजद ने रियासत, मेहरबान, अरशद, अकरम, मुर्सलीन, गुफरान, कुर्बान, गफ्फार, सलमान व मेहताब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पथरी थानाध्यक्ष सुखपाल मान ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई है।