पूर्व उप प्रधान के पुत्र पर जानलेवा हमला
संवाद सूत्र, लक्सर: ब्लॉक मुख्यालय से निकल रहे पूर्व उप प्रधान के पुत्र पर कुछ युवकों ने हमला
संवाद सूत्र, लक्सर: ब्लॉक मुख्यालय से निकल रहे पूर्व उप प्रधान के पुत्र पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। हमलावर युवकों ने उप प्रधान के पुत्र को सरियों व बैल्ट से पीटा। घायल अवस्था में युवक को अस्पताल लाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
लक्सर ब्लॉक के खरंजा कुतुबपुर गांव निवासी समीना बेगम गांव में उप प्रधान रह चुकी हैं। पिछले दिनों ग्राम पंचायत सदस्यों की ओर से समीना बेगम के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। इसके बाद उन्हें अपना पद छोड़ना पडा था। इसी को लेकर गांव के ही कुछ लोगों के साथ उनकी रंजिश चल रही है। बुधवार को समीना बेगम का पुत्र उस्मान किसी कार्य से खंड विकास अधिकारी कार्यालय लक्सर आया था। देर शाम उस्मान जब कार्यालय से बाहर निकला, तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच युवकों ने उसकी बाइक रूकवा दी। इसके बाद युवकों ने उस्मान पर हमला कर दिया। परिचितों उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर आए। फिलहाल रुड़की में उनका इलाज चल रहा है। उस्मान के परिजनों का आरोप है कि राजनीतिक रंजिश के चलते ही घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। कोतवाल अमरचंद शर्मा ने बताया कि मामले में अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।