बागियों को मनाने में कांग्रेस कामयाब, भाजपा को नहीं मिली पूरी सफलता
संवाद सहयोगी रुड़की नगर निगम चुनाव में नामांकन वापसी के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है।
संवाद सहयोगी, रुड़की : नगर निगम चुनाव में नामांकन वापसी के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। बुधवार को महापौर पद के दस प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया है। ऐसे में अब मैदान में महापौर पद के लिए केवल दस प्रत्याशी रह गए हैं। नामांकन वापसी में कांग्रेस अपने छह बागी कार्यकर्ताओं को मनाने में पूरी तरह सफल साबित हुई। हालांकि भाजपा इसमें पूरी तरह से सफल नहीं हो पाई। भाजपा के दो बागी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में महापौर का चुनाव लड़ेंगे।
नगर निगम चुनाव में बुधवार को नामांकन वापसी ने पूरे चुनावी समीकरण बदल दिए हैं। मंगलवार तक महापौर पद के लिए 21 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हुए थे। इसमें सात प्रत्याशी अकेले कांग्रेस के कार्यकर्ता ही थे। इसी तरह से भाजपा से भी घोषित प्रत्याशी सहित सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे थे। कांग्रेस और भाजपा पदाधिकारी लगातार बागी कार्यकर्ताओं को मनाने में जुटे थे। ताकि वह अपना नामांकन पत्र वापस ले लें। बुधवार को कांग्रेस पदाधिकारी अपने बागी कार्यकर्ताओं को मनाने में कामयाब रही। जिसके चलते सचिन गुप्ता, हंसराज सचदेवा, अशोक चौहान, रजनीश शर्मा, ओमप्रकाश सेठी और रश्मि चौधरी ने नामांकन वापस ले लिया है।
वहीं भाजपा के नवीन जैन, श्याम सिंह, रीमा बंसल और मोनिका तोमर ने अपना नाम वापस ले लिया है। इन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था, जबकि भाजपा बागी गौरव गोयल और चंद्र प्रकाश को मनाने में कामयाब नहीं हो पाई है। यह दोनों बागी प्रत्याशी भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी मयंक गुप्ता के सामने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे। रिटर्निंग आफिसर भगवत किशोर मिश्रा ने बताया कि नामांकन वापसी में दस प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस लिया है। अब महापौर पद के लिए दस प्रत्याशी रह गए हैं। गुरुवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा।