बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड, लोगों ने पहने गर्म कपड़े
जागरण संवाददाता रुड़की शहर और आसपास के क्षेत्रों में अचानक से बदले मौसम के मिजाज ने लोग
जागरण संवाददाता, रुड़की: शहर और आसपास के क्षेत्रों में अचानक से बदले मौसम के मिजाज ने लोगों की कपकपी छुड़ा दी। आलम यह रहा कि बुधवार तक जहां कई लोग आधी बाजू के कपड़ों में नजर आ रहे थे वहीं गुरुवार को उन्होंने गर्म कपड़े पहन लिए। उधर, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाये रहने का पूर्वानुमान है।
गुरुवार को शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुबह से ही आसमान में बादलों ने अपना डेरा डाल दिया। लोगों ने सुबह जब आंखें खोली तो सूर्यदेव के दर्शन होने की बजाए बादल छाए हुए दिखाई दिए। बादलों का पहरा होने की वजह से लोगों ने पिछले दिनों की तुलना में अधिक ठंडक महसूस की। इसके बाद सुबह साढ़े दस बजे के बूंदाबांदी होने होने लगी, जो दिनभर रुक-रुककर जारी रही। ऐसे में मौसम में ठंड का असर और बढ़ गया। वहीं मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए लोगों ने भी गर्म कपड़े पहन लिए। बच्चे, बुजुर्ग, युवा, महिला, पुरुष सभी गर्म कपड़े पहने दिखाई दिए। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। वहीं आइआइटी रुड़की में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाये रहने की संभावना है। ऐसे में मौसम में ठंड का असर बढ़ने का अनुमान है।