उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का ऐलान, पिछले साल की तरह इस साल भी बढ़ेगा गन्ने का दाम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नारसन खुर्द में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार जल्द ही गन्ने के दाम बढ़ाने पर निर्णय लेगी, जैसा कि पिछले साल भी किया गया था। उन्होंने मंगलौर क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित विभिन्न विकास कार्यों और प्रधानमंत्री आवास व किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।

नारसन खुर्द गांव में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में शामिल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व अन्य। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री धामी ने नारसन खुर्द में जन आशीर्वाद रैली की।
गन्ने के दाम बढ़ाने पर शीघ्र निर्णय लेने की घोषणा की।
मंगलौर क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं का भी ऐलान किया।
संवाद सूत्र, नारसन(हरिद्वार)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने पिछले साल भी गन्ना मूल्य बढ़ाया और इस बार भी शीघ्र इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने नारसन खुर्द गांव में बुधवार को जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मंगलौर क्षेत्र अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता एवं मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। यहां के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल व अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य किए गए हैं।
नारसन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लाक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण कराया गया है। क्षेत्र के 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत प्रदेश के किसानों के खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है। प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस दौरान लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कालेज के नवनिर्माण, नारसन खुर्द में नाले की सफाई एवं पक्के नाले के निर्माण और लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय रजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध का निर्माण और ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण कराए जाने की भी घोषणा की। ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ किए जाने से संबंधित मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सदस्य कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, महापौर रुड़की अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा के विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।