गोसेवा को पिछड़ेपन से जोड़ने वाले राम के अस्तित्व को नकारते रहे: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोसेवा को पिछड़ेपन की निशानी बताने वाले विपक्ष पर तीखा हमला बोला, उन्हें राम के ...और पढ़ें

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोसेवा और गोवंश संरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग गोसेवा को पिछड़ेपन की निशानी मानते हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने वर्षों तक भगवान राम के अस्तित्व को नकारा, रामसेतु को काल्पनिक बताया और राम मंदिर निर्माण की राह में कदम-कदम पर बाधाएं खड़ी कीं।
राम मंदिर के पक्ष में फैसला आने से पहले सुप्रीम कोर्ट में बड़े-बड़े अधिवक्ताओं को खड़ा कर दिया था। दिन-रात सनातन धर्म को गालियां देने वाले कभी इसे डेंगू तो कभी मलेरिया बताते हैं। ऐसे लोगों से गौ माता के सम्मान की उम्मीद आखिर कैसे की जा सकती है? जो अपनी धर्म-संस्कृति का सम्मान नहीं कर सकते, वे गौ माता का दर्द क्या समझेंगे।
गौ माता ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी मजबूत आधार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार के लिए गौ माता केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी मजबूत आधार है। इसी सोच के साथ प्रदेश में गोशालाओं के आधुनिकीकरण, गोवंश के लिए चारे की व्यवस्था और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। बद्री गाय के संरक्षण के लिए ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। चमोली जिले में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं, जिनसे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोसंरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती। इसके लिए समाज को भी आगे आना होगा। सरकार गांवों से शहरों तक गोसंरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में काम कर रही है। गोहत्या रोकने के लिए सख्त कानून बनाए गए हैं और उनका प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि उत्तराखंड की धरती पर गौ माता का शोषण और गोहत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोवंश की तस्करी और उसके प्रति क्रूरता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुष्कर सिंह धामी ने गोवंश संरक्षण की मौजूदा चुनौती पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि खेती के तौर-तरीके बदलने और खेतों में मशीनों का इस्तेमाल बढ़ने से बैलों की उपयोगिता घट गई है। नतीजतन निराश्रित गोवंश सड़कों और खेतों में भटक रहा है। यह समस्या केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के दूसरे हिस्सों में भी गंभीर रूप ले चुकी है।
ऐसे में केवल गोशालाएं खोलना इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। गोवंश को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए दीर्घकालिक योजना बनानी होगी। प्राकृतिक खेती और बायोगैस जैसे विकल्पों को बढ़ावा देने के साथ नए नवाचार अपनाने होंगे, ताकि गोसेवा आस्था तक सीमित न रहकर किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का जरिया बने।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अर्धकुंभ 2027 में उत्तराखंड आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सड़क, घाट, पुल और मार्गों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।