-पटरी पर लौटी अस्पताल की सफाई व्यवस्था
संवाद सहयोगी, रुड़की: सिविल अस्पताल रुड़की की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौट आई है। अस्पताल मे
संवाद सहयोगी, रुड़की: सिविल अस्पताल रुड़की की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौट आई है। अस्पताल में पहली बार मशीन से सफाई कराई जा रही है। करीब चार माह बाद अस्पताल की सफाई व्यवस्था सुचारु हो पाई है, जिससे अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
सिविल अस्पताल रुड़की में पिछले चार माह से सफाई व्यवस्था ठीक नहीं थी। सफाई ठेकेदार को अस्पताल प्रशासन ने अनियमितता पर ब्लैक लिस्ट कर दिया था। इसके बाद से अस्पताल की सफाई चरमराई गई थी। अस्पताल स्टाफ स्वयं ही सफाई व्यवस्था को सुचारू करने में लगा हुआ था। नगर निगम से भी समय-समय पर सफाई कर्मचारियों की मांग कर अस्पताल परिसर आदि की सफाई कराई जा रही थी। पिछले माह अस्पताल की सफाई का टेंडर लखनऊ की एक एजेंसी ने लिया। एजेंसी ने अस्पताल की सफाई का कार्य संभाल लिया है। एजेंसी के कर्मचारी मशीन से अस्पताल की सफाई कर रहे हैं, जिससे सिविल अस्पताल चमकने लगा है। मशीन की मदद से अस्पताल के फर्श पर पोछा लगाया जा रहा है। सीएमएस डॉ. डीके चक्रपाणि ने बताया कि अस्पताल में अब सफाई को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं रहेगी। सफाई एजेंसी के संचालक को अस्पताल की सफाई संबंधी सभी जानकारी दे दी गई है। इसी आधार पर उसने अस्पताल के वार्ड, शौचालय, परिसर, ओपीडी आदि की सफाई शुरू कर दी है।