नगरपालिका कर्मचारियों की लापरवाही से परेशान लोग
संवाद सूत्र लक्सर नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली से गुस्साएं लोगों ने सोमवार क
संवाद सूत्र, लक्सर: नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली से गुस्साएं लोगों ने सोमवार को नगर पालिका के ईओ को कर्मचारियों के रवैये की शिकायत की है। शिकायत में लोगों ने बताया कि नगरपालिका प्रशासन की ओर से नगर में डोर टू डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत नगरपालिका के कूड़ा संग्रहित करने वाले वाले वाहन में एक वाहन चालक तथा एक अन्य कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। वाहन जब नगर में आता है तो चालक के अलावा गाड़ी में मौजूद दूसरा व्यक्ति वाहन से नीचे तक नहीं उतरता। जिससे लोगों को खुद से ही कचरा फैंकना पड़ता है।
स्थानीय निवासी राजू ने बताया कि महिलाओं व वृद्ध लोगों को इसमें परेशानी होती है। वाहन की ऊंचाई अधिक होने के कारण कई बार कूडा महिलाओं व वृद्ध लोगों के ऊपर ही बिखर जाता है तो कई बार यह सड़क पर बिखरता है। इस बाबत कहने पर वाहन में सवार सफाई कर्मचारी बाहर निकलने की जहमत नहीं उठाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कूड़ा उठाने के लिए गाड़ी भी नियमित रुप से नहीं आती है लोगों ने नगर पालिका के ईओ गौहर हयात को कर्मचारियों के रवैये की शिकायत की है। ईओ ने बताया कि वाहन में तैनात कर्मचारियों को स्वयं कूडा वाहन में डालने के निर्देश दिए जाएंगे। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।