चकबंदी विभाग की वादाखिलाफी पर भड़के किसान
जागरण संवाददाता रुड़की भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) रोड गुट के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह र
जागरण संवाददाता, रुड़की: भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) रोड गुट के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि चकबंदी विभाग वायदा खिलाफी कर रहा है। वायदा करने के बावजूद किसानों के कार्यों में देरी की जा रही है। इसके चलते अब किसान सड़कों पर उतरेंगे। एक सप्ताह में बड़ी पंचायत कर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
उन्होंने संगठन का विस्तार करते हुए हाजी इनाम को प्रदेश महासचिव एवं प्रधान अनीश अहमद को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। गुरुवार को प्रशासनिक भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि पिछले माह आयोजित महापंचायत के दौरान प्रशासन ने वायदा किया था कि किसानों की सभी मांगों को मानते हुए उनका हल किया जाएगा, लेकिन चकबंदी एवं बिजली विभाग की समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि चकबंदी विभाग की ओर से लगातार किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। जल्द उनकी समस्या हल नहीं की गई तो अब किसान बड़ी पंचायत कर आंदोलन शुरू कर देंगे। हाईवे जाम करने से भी पीछे नहीं हटा जाएगा। जिलाध्यक्ष नाजिम अली ने कहा कि किसानों के गन्ने का अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। ऊर्जा निगम की ओर से लगातार किसानों के ट्यूबवैल के बिजली के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इस ओर जल्द कोई निर्णय नहीं हुआ तो विजिलेंस टीम को बंधक बनाया जाएगा। इस मौके पर प्रदीप त्यागी, संजीव कुशवाहा, सुरेन्द्र प्रधान, मनु प्रताप सिंह, लखन रोड, इलियास, पवन रोड आदि ने विचार व्यक्त किए। किसानों को वार्ता के लिए बुलाया
रुड़की: जिला बंदोबस्त अधिकारी दीवान सिंह नेगी ने किसानों को वार्ता के लिए बुलाया है। शुक्रवार को प्रशासनिक भवन में किसानों की बैठक होगी। बैठक के दौरान किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण किया जाएगा। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने चेतावनी दी कि यदि समस्या हल नहीं हुई तो आंदोलन होगा।