पति समेत आठ पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
जागरण संवाददाता रुडकी एक महिला ने पति समेत ससुराल के आठ लोगों पर दहेज में कार और अ
जागरण संवाददाता, रुडकी: एक महिला ने पति समेत ससुराल के आठ लोगों पर दहेज में कार और अन्य सामान मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने पहली शादी छिपाकर उसके साथ दूसरी शादी की। यहीं नहीं उसने पति पर उत्पीड़न के आरोप भी लगाए।
देवबंद निवासी एक युवती की शादी चार अगस्त 2019 को लालकुर्ती निवासी शमशेर उर्फ मोनू से हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो उसे देखने पहुंची महिलाओं ने कहा कि यह तो शमशेर की पहली पत्नी से भी सुंदर है। यह सुनकर उसे गहरा धक्का लगा। जब उसने पति से पूछताछ की तो उसने पहली शादी होने की बात स्वीकार की। महिला का आरोप है कि पति ने उसके साथ जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाने का प्रयास किया। इसके बाद वह अपने मायके आ गई। मायके आकर उसने अपने परिजनों को पति की पहली शादी के बारे में बताया। इसके बाद पति और उसके परिजनों ने कहा कि पहली पत्नी को वह छोड़ चुका है। अब उससे कोई लेना देना नहीं है। उनकी बातों में आकर परिजनों ने महिला को फिर ससुराल भेज दिया। आरोप है कि कुछ दिन ठीक रहने के बाद ससुराल के लोगों ने दहेज में कार और अन्य सामान लाने को कहा। जब महिला ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया। महिला ने इस बावत महिला हेल्प लाइन को तहरीर दी थी। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि महिला हेल्प लाइन की संस्तुति पर पुलिस ने पति शमशेर उर्फ मोनू के अलावा, आबिदा, इरशाद, मनव्वर, शमां, जेबा, शायना, शहनवाज पर मुकदमा दर्ज किया है।