शादी से एक दिन पहले ब्यूटी पार्लर गई युवती हुई लापता, फोन भी आ रहा बंद
शादी से एक दिन पहले ब्यूटी पार्लर गई एक युवती अचानक गायब हो गई। उसका फोन भी बंद जा रहा है। पुलिस तलाश में जुटी है।
हरिद्वार, जेएनएन। बारात आने से पहले ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन अचानक लापता हो गई। उसके परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चल पाया तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने उसके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति की बेटी की बारात शनिवार को आनी थी। शुक्रवार की शाम को दुल्हन मैकअप के लिए अपने जीजा के साथ ब्यूटी पार्लर में गई थी। जीजा उसे ब्यूटी पार्लर छोड़कर वापस घर आ गया। उसके बाद जब उसे वापस लेने के लिए ब्यूटी पार्लर पर गया, तो पता चला कि वो वहां से घर चली गई है।
हालांकि घर लौटने पर पता चली कि युवती घर आई ही नहीं है। इसके बाद उसको फोन किया गया, लेकिन वो बंद जा रहा था। उसकी रात भर तलाश करने के बाद कुछ पता नहीं चलने पर सुबह पुलिस को सूचना दी गई। एसएसआइ विकास भारद्वाज ने बताया कि उसके जीजा ने उसके लापता होने की तहरीर दी है। उसके मोबाइल नंबर को पुलिस ने सर्विलांस पर लगा दिया है, जिससे उसकी लोकेशन मिलने पर वहां उसकी तलाश की जा सके।
यह भी पढ़ें: शादी समारोह में आई किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
यह भी पढ़ें: घर में सो रही किशोरी का किया अपहरण, बेहोशी की हालत में मिली
यह भी पढ़ें: मां से लिपटकर रोने लगी महिला चिकित्सक के घर से बरामद बच्ची