दोस्तों संग आया दूल्हा, दुल्हन ने वापस लौटाई बरात
श्यामपुर क्षेत्र में एक दूल्हा अपने दोस्तों के साथ लड़की वालों के घर बरात लेकर पहुंच गया। बरात में दूल्हे के पिता भाई और कोई भी रिश्तेदार शामिल नहीं था।
संवाद सूत्र, लालढांग : श्यामपुर क्षेत्र में एक दूल्हा अपने दोस्तों के साथ लड़की वालों के घर बरात लेकर पहुंच गया। बरात में दूल्हे के पिता, भाई और कोई भी रिश्तेदार शामिल नहीं था। जिस पर दुल्हन व उसके स्वजन नाराज हो गए और बरात को वापस लौटा दिया। दूल्हा और उसके दोस्तों ने स्वजनों के साथ फिर बरात लेकर आने की बात कही है।
कांगड़ी निवासी एक युवती का विवाह ऋषिकेश निवासी से तय हुआ था। बरात के लिए पंडितों ने गुरुवार 28 मई को शुभ लग्न बताया था। लॉकडाउन के चलते दुल्हन पक्ष ने सभी नियमों के तहत अपने बहुत ही कम रिश्तेदारों को बुलाया था। संस्कारों के मुताबिक बरात में दूल्हे के पिता, भाई या उनके नहीं होने पर किसी रिश्तेदार का होना आवश्यक माना जाता है, मुहुर्त के अनुसार पंडित जी भी विवाह की रस्म करने दुल्हन पक्ष के घर पहुंच गए। सभी बरात आने का इंतजार करने लगे पर, जब बरात आई तो उसमें दूल्हा और उसके सिर्फ चार दोस्त ही थे। दुल्हन पक्ष के लोगों ने जब दूल्हे से उसके पिता को बुलाने को कहा तो वह उन्हें बुलाने में आनाकानी करने लगा। इसके बाद दुल्हन के स्वजनों ने फैसला दुल्हन पर छोड़ दिया। दुल्हन ने भी दूल्हे से रीती रिवाजों और संस्कारों के अनुसार उनके पिता को बुलाने को कहा, लेकिन वह राजी नहीं हुआ। इसके बाद दुल्हन और उसके स्वजनों ने शादी करने से इन्कार कर दिया और बरात वापस ले जाने को कहा। काफी देर हंगामा होने के बाद दूल्हा, दुल्हन पक्ष के लोगों को धमकी देने लगा। इसके बाद यह कह वापस गया कि वह अपने स्वजनों संग दोबारा आएगा।