यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रुड़की में स्कूटी से लौट रहे कारोबारी से बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूटे आठ लाख, तलाश में पुलिस ने की नाकेबंदी
रुड़की के मंगलौर में एक रुड़की के व्यापारी से बाइक सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर 10 लाख रुपये ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, मंगलौर: स्कूटी सवार कारोबारी को बाइक सवार तीन बदमाशों ने डंडा मारकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद बदमाश नोटों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब आठ लाख रुपये बताए जा रहे हैं। कारोबारी का थोक का काम है। वह मंगलौर के दुकानदारों से कलेक्शन कर लौट रहा था। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। सभी चेकिंग प्वाइंट पर चेकिंग की जा रही है।
स्कूटी धीमी होते ही कारोबारी पर डंडे से किया वार
कोतवाली रुड़की अंतर्गत सोलानीपुरम निवासी राहुल गर्ग थोक कारोबारी है। वह सप्ताह में एक दिन दुकानों से पेमेंट लेने जाता है। गुरुवार को वह मंगलौर के दुकानदारों से पेमेंट लेने गया था। शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह कलेक्शन करके स्कूटी से वापस रुड़की आ रहा था तो मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित अब्दुल कलाम चौक पर उसने स्पीड ब्रेकर पर स्कूटी धीमे की। वहां पहले ही घात लगाकर खड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्कूटी धीमी होते ही कारोबारी पर डंडे से वार किया। जिससे कारोबारी स्कूटी सहित नीचे गिर गया। इसके बाद बदमाशों ने उससे नोटों से भरा बैग लूट लिया।
रुड़की बाइपास हाइवे से फरार हो गए बदमाश
बैग लूटने को बाद वह बाइक से रुड़की बाइपास हाइवे से फरार हो गए। कारोबारी ने इसके बाद 112 पर फोन किया। जिसके चलते तुरंत ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ पंकज गैरोला व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने पीड़ित से पूरी जानकारी ली। इसके बाद तुरंत ही पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। सभी चेक पोस्ट पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई। बैग में आठ लाख रुपये से अधिक बताए जा रहे हैं।
घर में घुसकर बुजुर्ग महिला को पीटा
कनखल क्षेत्र में घर में घुसकर एक बुजुर्ग महिला की बुरी तरह पिटाई कर दी गई। पीड़िता के पुत्र ने इस संबंध में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। घटना क्षेत्र के बंजरी वाला बस्ती बैरागी कैंप की है। पीड़ित के बेटे कुशलपाल सैनी ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी मां योगेश देवी घर पर अकेली थी।
हत्या की धमकी देकर फरार
इसी दौरान शशांक, गौरव, आकाश तोमर और अश्वनी उसके घर आ धमके। आरोप है कि दरवाजा खोलने पर अंदर घुसकर आरोपितों ने मां के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। शोर शराबा सुनकर पहुंचे पड़ोसी युवक राजू को भी पीटा गया। आरोप है कि वह हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कनखल क्षेत्र से दो स्कूटर चोरी
कनखल क्षेत्र से एक स्कूटर चोरी कर लिया गया। वाहन स्वामी अजय शर्मा निवासी विश्वकर्मा कालोनी जगाधरी यमुनानगर हरियाणा ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया कि उसका स्कूटर बैरागी कैंप से चोरी कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उधर, लहरी सिंह निवासी शिवपुरी ने भी पुलिस को बताया कि उसका स्कूटर भी चोरी कर लिया गया। (जासं)
