हर घर में मोबाइल और टीवी, गरीबी हो रही दूर: भट्ट
हर घर में मोबाइल टीवी गरीबी हो रही दूर भट्ट
हर घर में मोबाइल और टीवी, गरीबी हो रही दूर: भट्ट
जागरण संवाददाता, रुड़की: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। गरीबी अब धीरे-धीरे खत्म हो रही है। सुदूर गांव तक बिजली पहुंच रही है। सड़कों को पहुंचाने का काम किया जा रहा है। सार्वजनिक राशन वितरण प्रणाली से प्रत्येक परिवार को जोड़ा गया है। देश की संस्कृति एवं सम्मान की रक्षा करने वाला दल भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने यह बात ढंडेरा में आयोजित कार्यकर्त्ता सम्मेलन के दौरान कही।
मंगलवार को आयोजित कार्यकर्त्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बना रहे इसके लिए भाजपा नेताओं ने संघर्ष किया। सरकार आने पर धारा 370 हटाई। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल से पहले एवं अन्य गैर भाजपा शासित प्रदेशों में विकास का पैसा नेताओं के घर पर जाता था। जिसकी वजह से विकास दिखाई नहीं देता था, लेकिन अब विकास चारों ओर दिखाई दे रहा है। देश की एकता एवं अखंडता के लिए भी मिलकर काम करना है। हरिद्वार में पंचायत चुनाव प्रस्तावित है। इसलिए सभी को इस पर ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत में टिकट के लिए लड़ाई होनी चाहिए, लेकिन पार्टी का टिकट घोषित होने के बाद सभी को संगठित होकर पार्टी उम्मीदवार को जिताने का काम करना है। राज्य सभा सदस्य डा. कल्पना सैनी ने कहा कि जिले का कार्यकर्त्ता पूरी तरह से संगठित हैं और पंचायत चुनाव में इसका परिणाम सकारात्मक आएगा। इस मौके पर कांग्रेस के कार्यकर्त्ता पूर्व जिपं सदस्य बबलू राणा, अतुल राणा ,संदीप राणा, अमित राणा, धर्म सिंह, नकुल राणा, भोलाराम, मनोज सिंह, सीताराम, मोहन सामंत, विजेश्वर सिंह, कमल कल्याणी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष विकास पाल, जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, जिला महामंत्री आदेश सैनी, विकास तिवारी चेयरमैन रवि राणा मौजूद रहे।