हरिद्वार में अमित शाह ने भाजपा सरकार की उपलब्धि गिनाईं, कांग्रेस से मांगा हिसाब
गृहमंत्री अमित शाह ने हरिद्वार में भाजपा सरकार की नौ साल की उपलब्धियां गिनाईं और कांग्रेस से उसके शासनकाल का हिसाब मांगा।

हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप में शनिवार को जनसभा को संबोधित करते केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कांग्रेस से उसके शासन का हिसाब मांगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार के ढेर सारे आरोप लगे। हमारी नौ साल की सरकार में विरोधी भी भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा सके।
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस बिखर गई है। चर्चा करने की जगह हल्ला करके संसद न चलने देने की नीति कांग्रेस ने अपनाई है।
गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासन में हरीश रावत प्रकरण, दलितों की छात्रवृत्ति का घोटाला, कमीशन एजेंटों से घिरा हुआ सचिवालय, शराब नीति का स्टिंग कांड, कुमाऊं का खाद्यान्न घोटाला हुआ। जबकि भाजपा ने नौ साल पारदर्शी तरीके से सरकार चलाई। मैं यहां आया हूं तो कांग्रेस नेताओं से भी हिसाब मांगना चाहता हूं।
कांग्रेस पार्टी से 2004 से 2014 तक अपनी सरकार में 54 हजार करोड़ केंद्रीय सहायता दी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 से 2024 तक एक लाख 87 हजार करोड़ की धनराशि दी।
इसके अलावा 12 हजार करोड़ का केदारनाथ-बदरीनाथ-यमुनोत्री-गंगोत्री, 900 किमी लंबा चारधाम महामार्ग, आठ हजार करोड़ का दिल्ली-देहरादून इकनोमिक कारिडोर, पांच हजार करोड़ से 30 राजमार्गों का निर्माण, 22 सौ करोड़ से टनकपुर में आठ मार्गों का निर्माण, नजीबाबाद-अफजलगढ़ बाइपास का निर्माण कराया। पुरकाजी-लक्सर-हरिद्वार रोड का नवीनीकरण कराया। 2014 में उत्तराखंड का औसत बजट 187 करोड़ होता था।
भाजपा की सरकार में बजट बढ़कर 4,470 करोड़ रुपये तक पहुंचा। 26 हजार करोड़ से तीन नए रेल प्रोजेक्ट दिए। 303 किमी लंबी रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण पूरा हो गया है। 147 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत योजना के तहत नवीनीकरण किया जा रहा है।
सौ फ्लाईओवर और अंडरब्रिज भाजपा सरकार में बने हैं। सबसे बड़ी रेल सुरंग ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक बनाई जा रही है। बड़ी संख्या में हेलीपैड बने हैं।
देहरादून एयरपोर्ट को आधुनिक किया गया है। कृषि और मत्स्य पालन में काफी काम हुआ है। पर्वतमाला रोपवे कार्यक्रम में 24 सौ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
2014 में उत्तराखंड में प्रति व्यक्ति आय 1.25 लाख रुपये थी। नौ साल में यह बढ़कर 2.60 लाख हमारी सरकार में हुई है। राज्य की जीडीपी एक लाख पचास हजार करोड़ से बढ़कर तीन लाख पचास हजार करोड़ हुई।
10 हजार किसानों को प्रधानमंत्री किसान योजना का लाभ मिला। जल जीवन मिशन के तहत 14 लाख घरों में पानी पहुंचा।
आयुष्मान भारत योजना के तहत 62 लाख लोगों को पांच लाख के मुफ्त उपचार का फायदा मिला। 5.80 लाख घरों में शौचालय बने। 60 लाख लोगों को सरकार ने मुफ्त राशन दिया।
उज्जवला योजना के तहत 5.31 लाख बहनों को सरकार गैस सिलिंडर दे रही है। एक ओर भ्रष्टाचार करने वाली और अव्यवस्था फैलाने वाली और उत्तराखंड निर्माण का विरोध करने वाली कांग्रेस है।
दूसरी ओर, चार धाम के प्रति अनन्य श्रद्धा से तीर्थ यात्रियों में तीन गुना वृद्धि करने वाली भाजपा है। युवाओं को रोजगार देने वाली, यूसीसी लाने वाली, सीएए के माध्यम से नागरिकता देने वाली, घुसपैठियों को बाहर करने वाली सरकार है। उत्तराखंड के लोगों को इन दोनों में चयन करना है।
