नाइजीरियन छात्रों पर हमले के मामले में डायरेक्टर समेत आठ गिरफ्तार
पुहाना स्थित आरआइटी कॉलेज में नाइजीरियन छात्रों की पिटाई के मामले में पुलिस ने कॉलेज के चेयरमैन समेत 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
By Edited By: Published: Thu, 16 Jul 2020 05:30 PM (IST)Updated: Thu, 16 Jul 2020 06:10 PM (IST)
भगवानपुर(हरिद्वार), जेएनएन। पुहाना स्थित आरआइटी कॉलेज में नाइजीरियन छात्रों की पिटाई के मामले में पुलिस ने कॉलेज के चेयरमैन समेत 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कॉलेज के डायरेक्टर समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, आक्रोशित एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट पर धरना देकर पुतला फूंका। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई। पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के पुहाना स्थित इकबालपुर रोड पर आरआइटी कॉलेज है। इस कॉलेज में नाइजीरिया निवासी इब्राहीम और घाना निवासी फैंसिस कोयांग या इंजीनियरिंग के छात्र हैं। दोनों ही कॉलेज परिसर के पास हॉस्टल में रहते हैं। मंगलवार को दोनों छात्र बिना आउटपास के बाहर गए थे। इससे नाराज कॉलेज प्रबंधन और सुरक्षाकर्मियों ने इन्हें गेट पर रोक दिया था। उस समय मामला शांत हो गया था। आरोप है कि बुधवार को दोनों छात्रों को हॉस्टल से बाहर निकालने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर दोनों छात्रों को कॉलेज प्रबंधन के अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने जमकर पीटा और इन्हें घसीटा गया। जिसमें दोनों विदेशी छात्र घायल हो गए।
इब्राहिम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में घाना निवासी फैंसिस कोयांग या ने थाना पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी संजीव थपलियाल ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने कॉलेज के चेयरमैन एसके गुप्ता, वाइस चेयरमैन संगत अग्रवाल, कॉलेज के डायरेक्टर पराग जैन, कॉलेज के रजिस्टार मुनेंद्र चौहान, असिस्टेंट डिप्टी सीईओ श्रीकांत, के अलावा कॉलेज के सुरक्षाकर्मी सोनू, खुशीराम, योगेश, ललित, आशीष, प्राइवेट कमांडो पर मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने डायरेक्टर पराग जैन, रजिस्टार मुनेंद्र चौहान, असिस्टेंट डिप्टी सीइओ श्रीकांत, सुरक्षाकर्मी सोनू, खुशीराम, योगेश, ललित, आशीष को गिरफ्तार किया है।
वहीं, घटना से आक्रोशित एनएसयूआइ के जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट पर धरना देते हुए कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुतला फूंका। पुलिस ने आठ लोगों की गिरफ्तारी का हवाला देकर सभी को शांत किया। थाना प्रभारी संजीव थपलियाल ने बताया कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें