यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 11, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रंजिशन युवक को घर से बुलाकर तलवार से किया हमला, बीच-बचाव में दो घायल
ज्वालापुर की विवेक विहार कॉलोनी में एक युवक को घर से बाहर बुलाकर उस पर तलवार से हमला कर दिया ...और पढ़ें

हरिद्वार, जेएनएन। हरिद्वार के ज्वालापुर की विवेक विहार कॉलोनी में एक युवक को घर से बाहर बुलाकर उस पर तलवार से हमला कर दिया गया। बीच-बचाव में युवक का भाई और दोस्त भी घायल हो गए। शोर-शराबा होने पर हमलावर फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने कांग्रेसी नेता के बेटे समेत तीन आरोपितों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल, पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
दरअसल, विवेक विहार कॉलोनी निवासी अनमोल के मोबाइल पर शुक्रवार की रात फुटबॉल ग्राउंड जगजीतपुर निवासी शैलेंद्र गुप्ता ने कॉल की और घर के बाहर बुलाया। अनमोल घर से बाहर पहुंचा तो शैलेंद्र अपने तीन साथियों के साथ उससे बातचीत करने लगा। इसी बीच गालीगलौज करते हुए अनमोल के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। आवाज सुनकर अनमोल का भाई अभिषेक और उसका दोस्त सिद्धार्थ बाहर निकले और बीचबचाव करने लगे।
आरोप है कि हमलावरों ने कार से तलवार निकाली और अनमोल पर वार किया। उसे बचाने में अभिषेक और सिद्धार्थ घायल हो गए। हंगामा होने पर आरोपित फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। मेडिकल कराने के बाद पुलिस को आरोपित शैलेंद्र गुप्ता निवासी फुटबॉल ग्राउंड जगजीतपुर और उसके साथी वंश ठाकुर, शिवा ठाकुर निवासीगण विकास कॉलोनी हरिद्वार और देव डुडेजा निवासी रामनगर ज्वालापुर के खिलाफ तहरीर दी।
आरोपितों में कांग्रेसी नेता का बेटा भी शामिल है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुनील रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच करते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा।
