एसडीएम ने विधवा को दिलाया भूमि पर कब्जा
पति की मौत के बाद ससुराल पक्ष ने महिला के हिस्से की भूमि पर कब्जा कर लिया।
संवाद सूत्र, लक्सर: पति की मौत के बाद ससुराल पक्ष ने महिला के हिस्से की भूमि पर कब्जा कर लिया। विधवा इंसाफ के लिए तीन साल तक अधिकारियों के चक्कर लगाती रही। मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीएम ने खुद मौके पर पहुंचकर पीड़ित महिला को उसका हक दिलाया।
क्षेत्र की मखियाली गांव निवासी खुशनसीब के पति कयूम की 2017 में मौत हो गई थी। कयूम के दो बेटे गयूर और दानिश हैं। आरोप है कि ससुराल वालों ने पति की मौत के बाद उसके हिस्से की भूमि पर कब्जा कर लिया। इसके बाद पिछले तीन साल से विधवा महिला बच्चों के साथ अपनी हिस्से की भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए अधिकारियों व न्यायालय के चक्कर लगा रही थी। आय का कोई साधन न होने के चलते उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था और उसे इंसाफ भी नहीं मिल रहा था।
महिला एसडीएम पूरण सिंह राणा से मिली तथा उन्हें अपनी परेशानी और ससुराल वालों की दबंगई के बारे में जानकारी दी। महिला की शिकायत पर एसडीएम ने तत्काल मामले की जांच करायी तथा मामला सही पाए जाने पर बुधवार को राजस्व विभाग की टीम के साथ खुद मौके पर पहुंच, पीड़ित महिला को भूमि की पैमाइश कर मौके पर ही उसके हिस्से की भूमि पर उसे कब्जा दिला दिया। साथ ही भूमि पर जबरन काबिज लोगों को महिला के साथ नाइंसाफी करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।