लक्सर में रोजाना आठ घंटे गुल हो रही बिजली
लक्सर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था आजकल पूरी तरह से चरमराई हुई है। स्थिति ये है कि एक तरफ गर्मी और उमस से आमजन परेशान है वहीं रोजाना हो रही घंटों की बिजली कटौती से रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। गुस्साए क्षेत्रवासियों ने समस्याओं का जल्द निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
संवाद सूत्र, लक्सर: लक्सर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था आजकल पूरी तरह से चरमराई हुई है। स्थिति ये है कि एक तरफ गर्मी और उमस से आमजन परेशान हैं वहीं रोजाना हो रही घंटों की बिजली कटौती से रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। गुस्साए क्षेत्रवासियों ने समस्याओं का जल्द निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
लक्सर में आए दिन लाइन में फाल्ट आने के नाम पर रोजाना छह से आठ घंटों तक बिजली कटौती की जा रही है। स्थिति यह है कि बारिश की हल्की-फुहार पर ही नगर की बिजली आपूर्ति चार-पांच घंटों तक बंद हो जाती है। इस दौरान कर्मचारियों से लेकर विभाग के अधिकारियों के फोन बंद हो जाते हैं। बीते शनिवार को नगर समेत देहात की बिजली रात 12 बजे तक बंद रही थी। रविवार की रात को भी नौ बजे के बाद लक्सर समेत देहात की आपूर्ति ठप हो गई। रात करीब एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा, कांग्रेस नेता राजेश रस्तोगी, राकेश कुमार, गोपाल कुमार, साधुराम और विकास आदि के अनुसार विभागीय अधिकारियों की मनमानी व लापरवाही के कारण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है, यदि व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।