कोरोना के खौफ के चलते चौपालों से गायब हुआ हुक्का
जागरण संवाददाता रुड़की कोरोना के खौफ के चलते चौपालों की शान हुक्का बंद कर दिया गया है।
जागरण संवाददाता, रुड़की: कोरोना के खौफ के चलते चौपालों की शान हुक्का बंद कर दिया गया है। लोगों में संक्रमण न फैले, इसलिए एहतियात बरतते हुए यह फैसला लिया गया है। यहीं नहीं चौपालों में चारपाई और मोड़े भी शारीरिक दूरी का ख्याल रखते हुए लगाए गए हैं। इसके अलावा गांवों में बाहर से आने वाले लोगों की सूचना ग्रामीण पुलिस कंट्रोल रूम और इमरजेंसी नंबरों पर दे रहे हैं।
ग्रामीण इलाकों में आज भी हुक्का चौपालों की शान है। 36 बिरादियों के प्रमुख लोगों के यहां आज भी हुक्का मिल जाता है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की ओर से तो तमाम धरने-प्रदर्शन हुक्के के साथ ही होते हैं। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए पूरे देश के अंदर लॉकडाउन किया गया है। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी जा रही है। हालांकि कृषि कार्य के लिए किसानों को छूट दी गई है। अब कोरोना के खौफ के चलते लाठरदेवा, चुड़ियाला, सढौली, थिथकी कवायदपुर, लिब्बरहेड़ी, नारसन, टिकौला कला, मंडावली आदि गांवों में चौपाल पर रखे हुक्कों को हटा दिया गया है। ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके। इसके अलावा एहतियात के तौर पर शारीरिक दूरी बनाते हुए ही काम किया जा रहा है। गन्ने की बुआई से लेकर कटाई आदि में भी शारीरिक दूरी का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी आरसी त्रिपाठी ने बताया कि कई ग्राम पंचायत बेहतर काम कर रही हैं। ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ-साथ सुबह-शाम लोगों को कोरोना संक्रमण की रोकथाम के बारे में लाउडस्पीकर एवं मुनादी के जरिये जागरूक किया जा रहा है। वहीं पुलिस अधीक्षक देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि गांव से लोग बाहर से आने वाले लोगों के संबंध में भी पुलिस को लगातार जानकारी भी दे रहे हैं। ग्रामीणों में भी जागरूकता आई है।