सफाई पर नगर निगम सख्त, केआरएल को नोटिस
शहर की सफाई व्यवस्था ढर्रे पर लाने को लेकर नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह भंडारी ने महापौर अनिता शर्मा के साथ गुरुवार को कनखल क्षेत्र का भ्रमण किया।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: शहर की सफाई व्यवस्था ढर्रे पर लाने को लेकर नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह भंडारी ने महापौर अनिता शर्मा के साथ गुरुवार को कनखल क्षेत्र का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान केआरएल की डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। व्यवस्था में सुधार के लिए केआरएल को नोटिस जारी करने के निर्देश सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी को दिया। दक्ष मंदिर और घाट की सफाई व्यवस्था दुरुस्त न मिलने पर आकांक्षा इंटरप्राइजेज को दोबारा व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए।
शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर लाने को नगर आयुक्त ने कमर कस ली है। बुधवार को गंगा घाटों की सफाई दुरुस्त न मिलने पर उन्होंने आकांक्षा इंटरप्राइजेज कंपनी पर दो लाख का जुर्माना भी ठोका था। इसी तरह पार्किंग में गंदगी पर सहायक नगर आयुक्त स्तर से भी पांच-पांच हजार का जुर्माना लगाया गया था। इस क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त ने महापौर के साथ कनखल क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। केआरएल की डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था दुरुस्त न मिलने पर नाराजगी जताई। सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी को केआरएल को व्यवस्था में सुधार के लिये नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने सफाई निरीक्षकों को सड़कों पर कूड़ा फेंकने वाले दुकानदारों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। होली चौक पर टूटे शौचालय की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा। दक्ष मंदिर में आकांक्षा इंटरप्राइजेज की सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर इसमें सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर के पति और पूर्व सभासद अशोक शर्मा, सफाई निरीक्षक सुनीत कुमार आदि मौजूद रहे।