श्री ब्राह्मण सभा ने सीबीआइ जांच की मांग की
जागरण संवाददाता हरिद्वार श्री ब्राह्मण सभा कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: श्री ब्राह्मण सभा कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने हिदू समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख कमलेश तिवारी की प्रदेश की राजधानी में दिन दहाड़े हुई हत्या की निंदा की। कार्यकर्ताओं ने मामले में सीबीआइ जांच की मांग की।
सभा के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि हिदूवादी नेताओं को निशाना बनाकर षड्यंत्र के तहत हत्या की जा रही है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होनें कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ प्रदेश में कानून राज की बात करते हैं, लेकिन हिदूवादी नेताओं को दिनदहाड़े मौत के घाट उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। रोहित शर्मा ने कहा कि इस हत्या में जो भी शामिल हैं उन्हें कतई बख्शा नहीं जाये। कहा कि भाजपा की योगी सरकार में हिदुओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। जेपी बडोनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं। हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार किया जाये। कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेज पूरे मामले की सीबीआइ जांच की मांग की। इस अवसर पर सुरेन्द्र सैनी, विवेक कुमार, अनिल, गौरव शुक्ला, अभिमन्यु, पुरुषोत्तम शर्मा, राजवीर सिंह, रुद्रानंद सरस्वती, अमजद अली, योगेश आदि शामिल रहे।