ज्ञान जीवन को ऊर्जा एवं गति देकर पहुंचाता है लक्ष्य तक
जागरण संवाददाता रुड़की केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआइ) रुड़की में विश्व युवा कौश
जागरण संवाददाता, रुड़की: केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआइ) रुड़की में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिज्ञासा कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थी-वैज्ञानिक संयोजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को संस्थान की ओर विज्ञान के विभिन्न विषयों में किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी दी गई।
संस्थान के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक और जिज्ञासा कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. अतुल कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को बताया कि ज्ञान हमारे जीवन को ऊर्जा और गति प्रदान कर लक्ष्य तक पहुंचाता है। इस यात्रा में हमारा विवेक, माता-पिता, मित्र और शिक्षक अलग-अलग तरह से हमारा मार्गदर्शन करते हैं। इसलिए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए इन सभी का सहयोग आवश्यक है। कहा कि कौशल विकास युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने, उनके आर्थिक विकास और रोजगार के अवसरों में वृद्धि में सहायक है। संस्थान के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. सुवीर सिंह ने अग्नि अनुसंधान विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने अग्नि आपदा के दौरान अग्नि के प्रसार के पूर्ण प्रक्रम को लघु चलचित्रों की सहायता से समझाया। साथ ही विद्यार्थियों को भवनों में अग्नि आपदा नियोजन हेतु निर्माण प्रक्रिया के दौरान वास्तुकार, संरचनात्मक इंजीनियर, मैकेनिकल इंजीनियर तथा सिविल इंजीनियर की भूमिका के विषय में बताया। डॉ. एलपी सिंह ने उन्नत भवन निर्माण सामग्री, वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डॉ. आर. धर्मराजु ने आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन विषय पर व्याख्यान दिया। विद्यार्थियों ने सीबीआरआइ की समृद्ध प्रयोगशालाओं, ग्रामीण पार्क और तकनीकी दीर्घा का दौरा किया और संस्थान के वैज्ञानिकों से वार्तालाप कर संशयों को दूर किया। कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय नंबर एक और दो के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने शिक्षकों के साथ प्रतिभाग किया। इस अवसर पर केवि नंबर एक के प्रधानाचार्य वीके त्यागी, केवि नंबर दो के प्रधानाचार्य अरविद कुमार, संस्थान से डॉ. अशोक कुमार, डॉ. हरपाल सिंह, अनिल कुमार, के अरोड़ा, अमन कुमार, पलक गोयल आदि उपस्थित रहे।