एक माह से खराब डीप फ्रिजर, सड़ रहे शव
संवाद सहयोगी रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा डीप फ्रिजर पिछले एक माह से खराब पड़
संवाद सहयोगी, रुड़की: सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा डीप फ्रिजर पिछले एक माह से खराब पड़ा है। फ्रिजर के खराब होने से मोर्चरी में रखे शव सड़ रहे हैं। इससे चिकित्सकों और कर्मचारियों को पोस्टमार्टम करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सिविल अस्पताल रुड़की मोर्चरी में शवों को सुरक्षित रखने के लिए लगा डीप फ्रिजर पिछले एक माह से खराब पड़ा है। फ्रिजर के खराब होने और गर्मी अधिक होने के चलते एक दिन में शव सड़ जाता है। उससे भयंकर दुर्गंध आने लगती है। सबसे ज्यादा दिक्कत लावारिस शवों को रखने में आ रही है। लावारिस शव को 72 घंटे तक रखना अनिवार्य होता है और उसके बाद ही उसका पोस्टमार्टम होता है। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाता है। लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने वाले मोहम्मद हासिम ने बताया कि मोर्चरी में लगे फ्रिजर में चार रैक हैं। चार शवों को रखा जा सकता है, लेकिन एक माह से फ्रिजर खराब पड़ा है, जिससे एक ही दिन में शव सड़ जाते हैं। उनसे इतनी ज्यादा दुर्गंध आती है कि वहां अंदर जाना भी मुश्किल हो जाता है। वैसे लावारिस शवों को 72 घंटे रखने के लिए बर्फ की सिल्ली का इंतजाम किया जाता है, लेकिन इसके बाद भी शव सड़ जाते हैं। उनमें कीड़े तक पड़ जाते हैं। पूरे माह में करीब 15 से 20 पोस्टमार्टम होते हैं। चिकित्सकों ने भी बताया कि फ्रिजर के खराब होने के चलते शव से बेहद दुर्गंध आने लगती है, जिसके कारण काफी परेशानी होती है। सीएमओ हरिद्वार डॉ. प्रेमलाल ने बताया कि मोर्चरी में लगे फ्रिजर को ठीक कराए जाने के लिए कंपनी को लिखा गया है। जल्द ही फ्रिजर को ठीक करा दिया जाएगा। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन को भी निर्देशित किया जाएगा।