पीएफ में अनियमितता की विजिलेंस जांच भी शुरू
जागरण संवाददाता, रुड़की: ऊर्जा निगम में एक ग्रुप के माध्यम से सेवा देने वाले कर्मचारियों के पीएफ और व
जागरण संवाददाता, रुड़की: ऊर्जा निगम में एक ग्रुप के माध्यम से सेवा देने वाले कर्मचारियों के पीएफ और वेतन को लेकर चल रही जांच-पड़ताल के मामले में निगम अधिकारियों की ओर से लीपापोती की जा रही है। निगम की विजिलेंस टीम ने भी इस मामले की जांच-पड़ताल शुरु कर दी है। शिकायतकर्ता ने 27 जून को विजिलेंस को साक्ष्य भी उपलब्ध करा दिए हैं।
पिछले दिनों रुड़की निवासी आदित्य चौधरी ने ऊर्जा निगम में एक ग्रुप के माध्यम से सेवाएं दे रहे लाइनमैन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा कि एक ग्रुप के माध्यम से सेवा दे रहे कर्मचारियों का पीएफ आदि उनके खातों में जमा नहीं किया जा रहा है। साथ ही कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इस मामले में उन्होंने तत्कालीन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से भी शिकायत की थी, जिस पर अधिशासी अभियंता नगर क्षेत्र को मामले की जांच दी गई, जो पूरी नहीं हुई है। इस बीच, ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने अपने स्तर से इस मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक (सतर्कता, ऊर्जा निगम) जीएस ध्यानी ने बताया कि 27 जून को इस मामले में शिकायतकर्ता आदित्य चौधरी और अधिशासी अभियंता को समस्त अभिलेख के साथ तलब किया गया था। बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से अभिलेख उपलब्ध करा दिए गए हैं। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच-पड़ताल के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।