युकां ने बैलगाड़ी चलाकर किया एमवी एक्ट का विरोध Dehradun News
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नए मोटर व्हीकल एक्ट का विरोध में कांग्रेस मुख्यालय से घंटाघर तक बैलगाड़ी चलाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने एक्ट को जनता के साथ धोखा बताया।
देहरादून, जेएनएन। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नए मोटर व्हीकल एक्ट का विरोध में कांग्रेस मुख्यालय से घंटाघर तक बैलगाड़ी चलाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य व केंद्रीय भाजपा सरकार ने नया मोटर व्हीकल एक्ट लागू कर आमजन के साथ धोखा किया किया है, जबकि सड़कों की हालत दयनीय है।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करते हुए युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र नेगी ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार आमजन का उत्पीडऩ करने में लगी है। भाजपा सरकार काला कानून के रूप में नया मोटर व्हीकल एक्ट लाकर मनमाना जुर्माना वसूल रही है, जबकि दून के मुख्य मार्गो की दशा दयनीय है।
उन्होंने कहा कि जर्जर सड़कों पर हो रही दुर्घटना में आए दिन लोग मर रहे हैं। मगर इसकी जिम्मेदारी सरकार नहीं लेगी। उन्होंने कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट को लागू करने से पहले भाजपा सरकार को संपर्क मार्गों से लेकर राष्ट्रीय राजमार्गों की दशा की समीक्षा करनी चाहिए थी। सड़कें जर्जर हैं चौक चौराहों पर लाइट नहीं हैं।
प्रदर्शन करने वालों में युकां के प्रदेश मीडिया प्रभारी संदीप चमोली, प्रदेश सचिव सुमित खन्ना, जितेंद्र सिंह नेगी, मोहित ठाकुर, आशीष सक्सेना, राहुल गोदियाल, शिवम ध्यानी, लक्की राणा आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: पंचायत चुनाव में दमदार प्रत्याशियों के चयन को कांग्रेस करेगी मंथन
पशुक्रूरता अधिनियम की अनदेखी
विरोध प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बेजुबान पशु का भी ख्याल नहीं रहा। पार्टी मुख्यालय से चली बैलगाड़ी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चढ़ने की होड़ लगी रही। नियमों के तहत क्षमता से अधिक सवारी बैठना पशुक्रूरता में आता है। सोशल मीडिया में और विरोधी दल के लोगों ने युकां पर चुटकी लेते हुए याद दिलाया कि देश में पशुक्रूरता अधिनियम भी प्रभावी है। जो पशुओं को संरक्षण प्रदान करता है। हालांकि युकां जिला अध्यक्ष ने कहा कि बैलगाड़ी में 10-12 कदम तक ही कुछ लोग बैठे थे।
यह भी पढ़ें: पंचायत चुनाव के लिए भाजपा ने बनाई रणनीति, मंत्री और विधायकों को सौंपी जिम्मेदारी