विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां के ममत्व ने भावविह्वल किया संन्यासी का हृदय, रातभर मां की पार्थिव देह के पास बैठे रहे योगी

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:00 PM (IST)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी के निधन पर भावुक हो गए। वे रातभर मां की पार्थिव देह के पास बैठे रहे और अंतिम यात्रा में उन्हें कंधा देते हुए उनकी आंखें नम हो गईं।

मां के अंतिम यात्रा पर जाने से पहले पार्थिव शरीर को देखकर योगी की आंखों से आंसू छलक उठे। इंटरनेट मीडिया

मां के अंतिम यात्रा पर जाने से पहले पार्थिव शरीर को देखकर योगी की आंखों से आंसू छलक उठे। इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन।

  2. मुख्यमंत्री रातभर मां की पार्थिव देह के पास रहे।

  3. अंतिम यात्रा में मां को कंधा देते हुए भावुक।

जागरण संवाददाता, यमकेश्वर। ममता के जिस आंचल में बचपन बताया, जिस मां की अंगुली पकड़कर घर के आंगन और गांव के ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलना सीखा, उसी मां की पार्थिव देह को कंधा देते हुए योगी आदित्यनाथ के आंसू छलक पड़े। वह रातभर मां की पार्थिव देह के पास बैठे रहे। संन्यासी होने के बावजूद उनकी आंखें बार-बार भर आतीं और फिर वे छत को ताकने लगते।

शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का सुबह करीब 11 बजे निधन हो गया था। शाम करीब 4:30 बजे वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। घर पहुंचते ही वे सीधे उस कक्ष में गए, जहां उनकी मां की पार्थिव देह रखी हुई थी।

पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद योगी रातभर वह मां की पार्थिव देह के पास बैठे रहे। कभी वे एकटक मां के चेहरे को देखते तो कभी छत को निहारने लगते। मानो बचपन से लेकर मां से हुई अंतिम मुलाकात तक को याद कर रहे हों। बीच-बीच में कोई कुछ कहता तो उसका जवाब देते। साथ ही अंतिम क्रिया की तैयारियों को लेकर स्वजन से चर्चा भी करते रहे।

शनिवार सुबह 8.50 बजे गांव से अंतिम यात्रा निकली। योगी ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। जिस घर के आंगन में वह कभी मां की अंगुली पकड़कर चलना सीखे थे, वहां से मां को अंतिम विदा देते हुए उनके नेत्र छलछला आए। वह भावनाओं पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन मां के जाने की पीड़ा उनकी आंखों को नम कर गई। यह देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं।

योगी ने लिखा, मां के समान कोई छाया (आश्रय) नहीं

योगी आदित्यनाथ ने इंटरनेट मीडिया पोस्ट में मां के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। संस्कृत में उन्होंने लिखा, नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः, नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया। (मां के समान कोई छाया (आश्रय) नहीं है, मां के समान कोई सहारा नहीं है। मां के समान कोई रक्षक नहीं है और मां के समान कोई प्रिय नहीं है)।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।