ऊधमसिंह नगर के जिला पूर्ति अधिकारी के निलंबन के लिए कार्य बहिष्कार शुरू
ऊधमसिंह नगर के डीएसओ श्याम आर्य के खिलाफ पूर्ति विभाग के कर्मचारियों और राशन डीलरों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। डीएसओ के निलंबन की मांग करते हुए नागरिक आपूर्ति विभाग (आपूर्ति शाखा) कर्मचारी संघ ने गुरुवार को प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया।
जागरण संवाददाता, देहरादून। ऊधमसिंह नगर के जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) श्याम आर्य के खिलाफ पूर्ति विभाग के कर्मचारियों और राशन डीलरों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। डीएसओ के निलंबन की मांग करते हुए नागरिक आपूर्ति विभाग (आपूर्ति शाखा) कर्मचारी संघ ने गुरुवार को प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। देहरादून में भी जिला पूर्ति विभाग के कर्मचारियों ने कार्य से विरत रहते हुए सरकार और शासन से डीएसओ को पद से हटाने की मांग की है।
नागरिक आपूर्ति विभाग (आपूर्ति शाखा) कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील देवली ने बताया कि ऊधमसिंह नगर के जिला पूर्ति विभाग के कर्मचारियों ने डीएसओ पर अभद्रता और पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए शासन से शिकायत की थी। जिसकी जांच की रिपोर्ट के आधार पर ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारी पूर्ति विभाग और शासन से डीएसओ के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति कर चुके हैैं। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी डीएसओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर सरकार से उन्हें पद से हटाने की संस्तुति की है। इसके बावजूद डीएसओ पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएसओ श्याम आर्य को विभागीय सचिव का समर्थन प्राप्त है। इसीलिए वह पद और विभाग की छवि को धूमिल कर रहे हैैं।
कर्मचारी संयुक्त परिषद ने दिया समर्थन
नागरिक आपूर्ति विभाग (आपूर्ति शाखा) कर्मचारी संघ के कार्य बहिष्कार को समर्थन देते हुए राज्य कर्मचारी सयुंक्त परिषद ने भी डीएसओ श्याम आर्य को पद से हटाने की मांग की है। इस संबंध में गुरुवार को परिषद की हाई पावर कोर कमेटी ने आपात बैठक की। परिषद के अध्यक्ष ठाकुर प्रहलाद सिंह ने बताया कि अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी को इस मामले में ज्ञापन सौंपा जा चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द डीएसओ पर कार्रवाई नहीं हुई तो सभी विभागों के कर्मचारियों को इस मुद्दे पर लामबंद किया जाएगा। बैठक में परिषद के महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट, अरुण पांडेय, नंद किशोर त्रिपाठी, ओमवीर सिंह, सुभाष शर्मा, गुड्डी मटूड़ा आदि शामिल रहे।