उत्तराखंड में दिखा लॉकडाउन का व्यापक असर, आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी दुकानें रहीं बंद
Lockdown उत्तराखंड सरकार ने शनिवार और रविवार को लॉकडाउन घोषित किया है। पूरे प्रदेश में इसका व्यापक असर देखने को मिला है।
ऋषिकेश, जेएनएन। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए उत्तराखंड सरकार ने शनिवार और रविवार को लॉकडाउन घोषित किया है। पूरे प्रदेश में इसका व्यापक असर देखने को मिला है। देहरादून, ऋषिकेश, रुड़की समेत अन्य क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर शेष सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रहे है। ऋषिकेश में प्रातः भ्रमण पर जाने वाले व्यक्तियों की भी पुलिस लगातार निगरानी करती रही।
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। ऐसे में इसपर नियंत्रण के लिए दो दिन का लॉकडाउन किया गया है। ऋषिकेश में रविवार सुबह आस्था पथ पर आने वाले नागरिकों को पुलिस ने लौटा दिया। शिवरात्रि के कारण कई श्रद्धालु त्रिवेणी घाट गंगा जल देने पहुंचे थे, पर पुलिस ने किसी भी व्यक्ति को त्रिवेणी घाट में प्रवेश नहीं दिया। जिला पुलिस-प्रशासन के निर्देश पर दो दिन से मास्क न पहनने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अभियान भी तेज कर दिया गया है। सभी पुलिस चौकी क्षेत्र, श्यामपुर, आइडीपीएल, त्रिवेणी घाट, यात्रा बस अड्डा आदि में जगह-जगह मास्क की चेकिंग की जा रही है।
शहर के सभी चौराहों पर पुलिस की टीम बिठाई गई है। सुबह से अब तक पुलिस ने करीब 70 व्यक्तियों के मास्क न पहनने पर चालान किए हैं। वाहनों में आवाजाही करने वाले व्यक्तियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। बेवजह घूमने वाले नागरिकों पर विशेष नजर रखने के आदेश पुलिस उपाधीक्षक बीएस धोनी के जरिए दिए गए हैं।
रुड़की में भी दिखा लॉकडाउन का असर
रुड़की और आसपास के इलाके में दूसरे दिन भी लॉकडाउन का असर देखने को मिला है। दुकानें पूरी तरह से बंद रही। हालांकि, लोग दुपहिया ओर चौपहिया वाहनों में आवागमन करते रहे। वहीं, पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों के चालान काटे। भगवानपुर पुलिस ने दस बाइक और एक कार का चालान किया। इसके साथ ही बिना मास्क 37 चालान किए गए हैं। कोतवाली पुलिस ने बिना मास्क पहने सात से अधिक लोगों के चालान किए।