विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तराखंड भाजपा में बड़ा बदलाव! 18 जिलाध्यक्षों की घोषणा, प्रदेश अध्यक्ष की रेस में कौन?

Published: Tue, 11 Mar 2025 11:12 AM (IST)

Uttarakhand News उत्तराखंड में भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा जल्द ही होने वाली है। पार्टी ने दूसरे चरण में ...और पढ़ें

उत्तराखंड भाजपा में बड़ा बदलाव! 18 जिलाध्यक्षों की घोषणा
उत्तराखंड भाजपा में बड़ा बदलाव! 18 जिलाध्यक्षों की घोषणा

HighLights

  1. अब प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष के चयन की दिशा में आगे बढ़ेगी पार्टी
  2. प्रदेश में पार्टी का नया मुखिया कौन होगा, इस पर टिकी हैं सबकी नजरें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। सांगठनिक पर्व के तहत भाजपा ने दूसरा पड़ाव पार कर लिया है। इस कड़ी में पार्टी की 19 सांगठनिक जिला इकाइयों में से 18 के अध्यक्ष घोषित कर दिए गए हैं। अब प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष के चयन की दिशा में पार्टी आगे बढ़ेगी। भाजपा नेतृत्व वर्तमान अध्यक्ष पर ही भरोसा जताती है या फिर कोई नया चेहरा लाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

भाजपा ने सांगठनिक पर्व के तहत पहले चरण में मंडल इकाइयों के अध्यक्षों के चुनाव की कसरत की। पार्टी की 304 मंडल इकाइयों में से 220 में अध्यक्ष घोषित किए जा चुके हैं। शेष मंडल इकाइयों के अध्यक्षों का चयन होना शेष है। इसके साथ ही द्वितीय चरण में पार्टी ने अपनी 19 सांगठनिक जिला इकाइयों के गठन के लिए जिलेवार पर्यवेक्षक भेजे और फिर उनकी रिपोर्ट के आधार पर पैनल तैयार किए। केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद सोमवार को 18 जिलाध्यक्षों के नाम घोषित कर दिए गए।

पार्टी के प्रदेश चुनाव अधिकारी एवं विधायक खजानदास के अनुसार सोमवार को जिन जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा की गई, उनमें नागेंद्र सिंह चौहान (उत्तरकाशी), गजेंद्र बत्र्वाल (चमोली), भारत भूषण भट्ट (रूद्रप्रयाग), उदय सिंह रावत (टिहरी), मीता सिंह (देहरादून ग्रामीण), सिद्धार्थ अग्रवाल (देहरादून महानगर), राजेंद्र तडिय़ाल (ऋषिकेश), आशुतोष शर्मा (हरिद्वार), कमल किशोर रावत (पौड़ी), राजगौरव नौटियाल (कोटद्वार), गिरीश जोशी (पिथौरागढ़), प्रभा गडिय़ा (बागेश्वर), महेश नयाल (अल्मोड़ा), गोविंद सामंत (चंपावत), प्रताप सिंह बिष्ट (नैनीताल), मनोज पाल (काशीपुर), डा मधु सिंह (रुड़की), कमल कुमार जिंदल (ऊधम सिंह नगर) शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्षों के चयन में सामाजिक, क्षेत्रीय व वर्गीय समीकरणों का ध्यान रखते हुए पार्टी के प्रति समर्पण व क्षमता के आधार पर निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि बूथ, मंडल व जिला इकाइयों के अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया 50 प्रतिशत से अधिक पूरी हो गई है। अब प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रकिया शुरू होगी। उधर, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को शुभकामनाएं दी हैं।

सुशासन की अहम कड़ी हैं सजग नागरिक: धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सजग नागरिक सुशासन की महत्वपूर्ण कड़ी है। आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय से मिले, इसके लिए सरकारी कार्मिकों को सरकार की मंशा के अनुरूप सेवा व सुशासन को प्राथमिकता देनी होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विकासखंड यमकेश्वर के निवासियों के साथ मुख्य सेवक सदन में वर्चुअल माध्यम से संवाद किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास कर रही है। इसके तहत सीएम डैशबोर्ड और सीएम हेल्पलाइन की व्यवस्था की गई है। समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए त्वरित समाधान दल को पहले चरण में पौड़ी जिले में लगाया गया है। इस पहल का लाभ यमकेश्वर के निवासियों को मिले, इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने जिलाधिकारी पौड़ी व उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उचित तैयारी की है। उन्होंने आशा जताई कि रिफार्म, ट्रांसफार्म और परफार्म के मंत्र के साथ यह कार्यक्रम सुचारू रूप से आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से अमृत काल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उत्तराखंड इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

केंद्र व राज्य सरकार ने कई जनोपयोगी योजनाएं बनाई हैं तथा कई नीतियों में आवश्यक संशोधन भी किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित के कार्यों को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए सरकार सदैव तत्पर है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।