विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून के मालसी जू में सफेद बाघ ‘तेजस’ बना नया आकर्षण, पर्यटकों को मिलेगा वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:02 PM (IST)

देहरादून के मालसी चिड़ियाघर में सफेद बाघ 'तेजस' का लोकार्पण हुआ, जिससे उत्तराखंड के वन्यजीव पर्यटन को नया आकर्षण मिलेगा। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सफेद बाघ 'तेजस' देहरादून के मालसी चिड़ियाघर में पर्यटकों का नया आकर्षण।

  2. मुख्यमंत्री धामी ने 'तेजस' के बाड़े का लोकार्पण कर पर्यटकों को समर्पित किया।

  3. कॉलेज छात्रों को चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश, पर्यावरण शिक्षा को बढ़ावा।

डिजिटल डेस्‍क, देहरादून। उत्तराखंड के वन्यजीव पर्यटन को नया आकर्षण मिलने जा रहा है। देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकनार्थ समर्पित किया। उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ के आगमन से देहरादून चिड़ियाघर की पर्यटन संबंधी पहचान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से चिड़ियाघर में पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का एक नया अनुभव मिलेगा। इससे देहरादून आने वाले पर्यटकों के लिए एक और आकर्षण विकसित होगा। इससे पहले भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों की रुचि में वृद्धि हुई है।

हर साल 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं मालसी जू

देहरादून का मालसी चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। यह पहल उत्तराखंड में पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति दे सकती है।

पर्यावरण शिक्षा से जुड़ेंगे कॉलेज के विद्यार्थी, मिलेगी मुफ्त एंट्री

वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की सुविधा देने की घोषणा की है। इससे पहले बच्चों के लिए भी निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल मनोरंजन और पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कॉलेज विद्यार्थियों को यहां निःशुल्क प्रवेश मिलने से उन्हें प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा। इससे युवाओं में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना विकसित होगी।

इकोलॉजी और इकोनॉमी के संतुलन पर उत्तराखंड का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। प्रदेश की समृद्ध वन संपदा, जैव विविधता और प्राकृतिक विरासत हमारी अमूल्य धरोहर हैं। प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों को देखते हुए विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इकोलॉजी और इकोनॉमी के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। वन्यजीव संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन एवं जैव विविधता का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।