Weather Today: उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में आज बारिश और बर्फबारी के आसार, मैदानों में गिरा पारा
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में आज हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ से मैदान तक आंशिक बादल मंडरा रहे हैं। गुरुवार को हुई वर्षा के बाद तापमान में गिरावट आने से सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस तक नीचे
गुरुवार को हुई वर्षा का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में रातें सर्द होने लगी हैं, जबकि मैदानी इलाकों में भी सुबह और शाम ठंड का एहसास बढ़ गया है।
शुक्रवार को मैदानी क्षेत्रों में धूप खिलने से लोगों को राहत मिली, जबकि पर्वतीय इलाकों में आंशिक बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह बना रह सकता है। पहाड़ों में हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं।
इन पांच जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। इन जिलों में 3800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली भी चमक सकती है।
