यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तराखंड सचिवालय संघ चुनाव: दीपक जोशी की अध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी जीत
उत्तराखंड सचिवालय संघ के द्विवार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद पर दीपक जोशी लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुए। उन्होंने अपने निकटतम ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय संघ के द्विवार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद पर दीपक जोशी लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नरेंद्र प्रसाद रतूड़ी को नौ मतों के अंतर से पराजित किया। महासचिव पद पर विमल जोशी ने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी राकेश चंद्र जोशी पर 38 मतों से जीत दर्ज की।
शुक्रवार को सचिवालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव व संयुक्त सचिव के दो पदों के लिए मतदान हुआ। मतदान सुबह 10 बजे से आरंभ होकर शाम चार बजे संपन्न हुआ। मतदान को लेकर सचिवालय कर्मियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई कर्मचारी अवकाश पर होने के बावजूद मतदान करने सचिवालय पहुंचे। मतदान के चलते अनुभागों में तकरीबन सन्नाटा सा पसरा रहा। सचिवालय कर्मी मतदान केंद्र के बाहर अपने प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करते रहे।
मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू हुई। सचिवालय संघ के चुनाव में कुल 1089 मतदाता थे, जिनमें से 1008 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास ने परिणामों की घोषणा की। अध्यक्ष पद के लिए कुल तीन प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें से दीपक जोशी को 492, नरेंद्र प्रसाद रतूड़ी को 483 और बलवंत सिंह जयाड़ा को केवल 27 मत हासिल हुए। छह मत रद किए गए। इस तरह कांटे के मुकाबले में दीपक जोशी लगातार तीसरी बार सचिवालय संघ के अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने में सफल रहे।
उपाध्यक्ष पद के लिए भी तीन प्रत्याशी मैदान में उतरे। इनमें बाजी मारी सुनील कुमार लखेड़ा ने। लगभग एकतरफा मुकाबले में लखेड़ा को 641 मत प्राप्त हुए। विजेंद्र सिंह 191 मत लेकर दूसरे तथा अरविंद प्रकाश भट्ट 164 मत हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे। उपाध्यक्ष पद पर 12 मत रद भी किए गए। महासचिव पद के लिए हुए चुनाव में नजदीकी मुकाबले में विमल जोशी विजयी रहे। कुल चार प्रत्याशियों में से विमल जोशी को 317, राकेश चंद्र जोशी को 279, प्रदीप पपनै को 225 और व्योमकेश दुबे को 180 मत हासिल हुए। इस पद पर सात मत रद किए गए।
संयुक्त सचिव के दो पदों के लिए तीन प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई। इनमें अनिल कुमार उनियाल सर्वाधिक 564, जबकि चंदन सिंह बिष्ट 504 मत हासिल कर संयुक्त सचिव पद पर निर्वाचित हुए। तीसरे प्रत्याशी शुभम को 486 मत हासिल हुए। नौ मत रद भी किए गए। संघ के चुनाव में कोषाध्यक्ष पद पर बची सिंह रावत, प्रचार सचिव पद पर राकेश सिंह महर और संप्रेक्षक पद पर अरविंद कुमार निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सचिवालय संघ के निर्वाचित पदाधिकारियों ने सचिवालय परिसर में जुलूस निकाल कर अपनी खुशी का इजहार किया।
