कट्टों में आठ से दस किलो राशन मिला कम
संवाद सूत्र चकराता/साहिया नवीन चकराता पुरोड़ी में स्थित राशन गोदाम में आदर्श राशन डीलर
संवाद सूत्र, चकराता/साहिया: नवीन चकराता पुरोड़ी में स्थित राशन गोदाम में आदर्श राशन डीलर एसोसिएशन पदाधिकारियों ने पूर्ति निरीक्षक का घेराव किया। पदाधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों पर तमाम आरोप लगाए। साथ ही जब राशन के कट्टों का तौल किया गया तो किसी में 40 से 45 किलो के बीच पाया गया। जबकि नेट वेट 50 किलो होता है। इस दौरान पदाधिकारियों व पूर्ति निरीक्षक के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
जौनसार बावर क्षेत्र के सात राशन गोदाम है। जिनकी बार बार शिकायत आ रही थी किसी गोदाम में खराब राशन व किसी गोदाम में लूज राशन आ रहा है। पर्वतीय क्षेत्र के राशन डीलरों पर हर समय पूर्ति निरीक्षक पर भारी पड़ते थे। जौनसार बावर क्षेत्र के राशन डीलरों को बिना तौल के राशन दिया जाता था। कई बार शिकायतें आ रही थी और भारी अनियमितता की आशंका जताई जा रही थी। जिसके चलते गुरुवार को देहरादून से आए आदर्श राशन डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ राशन डीलर चकराता के समीप पुरोड़ी में राशन गोदाम में पहुंचे। इस दौरान राशन डीलरों ने पूर्ति निरीक्षक का घेराव किया और कैशसेल रजिस्टर दिखाने की बात कही। पहले तो कार्यालय में इधर-उधर देखा, बाद में बोले कि रजिस्टर घर पर छोड़ रखा है। राशन वितरण जो किया जा रहा बिना तौल के कर दिया जा रहा और एक हाथ की लिखी पर्ची दी जाती है, जो अमान्य है। जब राशन कट्टों का तौल किया गया तो 40 किलो, 42 किलो 43 किलो और किसी में 45 किलो पाया गया। जबकि नेट वेट 50 किलो होता है। राशन डीलर का कहना है कि कैशसेल रजिस्टर सरकारी रजिस्टर होता है, जिस पर वितरण का सारा लेखा-जोखा होता है और विक्रेताओं के हस्ताक्षर होने के बाद ही राशन वितरण होता है, लेकिन जौनसार बावर के गोदामों में 2010 से अभी तक विक्रेताओं ने कैशसेल रजिस्टर नहीं देखा। विक्रेताओं का कहना है कि यदि केससेल रजिस्टर 2010 तक रिकार्ड नहीं दिखाया तो एक जून को सामूहिक त्यागपत्र देंगे। घेराव के दौरान संजय शर्मा प्रदेश महामंत्री, दिनेश चौहान अध्यक्ष देहरादून, आनंद खड़का अध्यक्ष देहरादून महानगर, राममूर्ति अध्यक्ष ब्लाक विकासनगर, नरेंद्र रावत अध्यक्ष जौनसार बावर जनजाति सरकारी सस्ता गल्ला एसोसिएशन, सुरेंद्र सिंह तोमर, आशु गुप्ता, महेंद्र सिंह तोमर आदि मौजूद रहे।