उत्तराखंड-उप्र के बीच 20 हजार करोड़ की परिसंपत्तियों का विवाद सुलझा, शेष प्रकरणों के निस्तारण पर बनी सहमति
उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने लखनऊ में मुलाकात कर 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों से ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। सूवि

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच वर्षों से लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान की दिशा में एक और पहल हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर सिंचाई विभाग समेत दोनों राज्यों के बीच लंबित परिसंपत्ति संबंधी मामलों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में शेष विवादों के जल्द निस्तारण करने पर सहमति बनी।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय के चलते अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की परिसंपत्तियों से जुड़े विवादों का समाधान किया जा चुका है। हालांकि, अभी भी कुछ महत्वपूर्ण प्रकरण लंबित हैं, जिनके निस्तारण के लिए प्रक्रिया चल रही है। बैठक में इन मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विषयों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने पर सहमति जताई गई।
बैठक में विशेष रूप से सिंचाई विभाग से संबंधित परिसंपत्तियों और अन्य लंबित मामलों पर चर्चा हुई। दोनों मुख्यमंत्रियों ने माना कि आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से शेष विवादों का समाधान किया जाना आवश्यक है, ताकि दोनों राज्यों के हितों की रक्षा के साथ विकास कार्यों को भी गति मिल सके।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के पुनर्गठन के बाद उत्तराखंड और यूपी के बीच परिसंपत्तियों, विभागीय देनदारियों, सिंचाई व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक विषयों को लेकर कई मामले लंबित रहे हैं। इनका समाधान दोनों राज्यों के लिए महत्वपूर्ण रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक रुख और निरंतर सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से लंबित मामलों का समाधान संभव हो रहा है। इस अवसर पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी उपस्थित रहे।