विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तराखंड को मिली इंटरनेट एक्सचेंज की सौगात, यह है देश का 10वां इंटरनेट एक्सचेंज

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Mon, 01 Nov 2021 12:15 PM (IST)Updated: Mon, 01 Nov 2021 10:51 PM (IST)

उत्तराखंड को आज सोमवार को इंटरनेट एक्सचेंज के रूप में बड़ी सौगात मिली। सोमवार को देहरादून के आइटी पार्क में ...और पढ़ें

उत्तराखंड को आज मिलने जा रही बड़ी सौगात।
उत्तराखंड को आज मिलने जा रही बड़ी सौगात।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। दीपावली और राज्य स्थापना दिवस से पहले उत्तराखंड को इंटरनेट सेवाओं के क्षेत्र में केंद्र से बड़ी सौगात मिली है। इस कड़ी में केंद्रीय इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को देहरादून में स्थापित राज्य के पहले इंटरनेट एक्सचेंज का वर्चुअली उद्घाटन किया। यह देश का 10वां इंटरनेट एक्सचेंज है। उन्होंने कहा कि इससे इंटरनेट और ब्राडबैंड सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने व सुधारने में मदद मिलेगी। साथ ही घोषणा की कि अगला इंटरनेट एक्सचेंज नैनीताल में शुरू किया जाएगा। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने केंद्रीय राज्य मंत्री से आग्रह किया कि प्रथम चरण में हल्द्वानी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ व पौड़ी जिलों में भी इस तरह के एक्सचेंज स्थापित किए जाएं। साथ ही निकट भविष्य में राज्य के सभी जिलों को भी इस योजना में आच्छादित करने पर जोर दिया।

उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य बलूनी ने बीती चार अक्टूबर को राज्य में इंटरनेट की हाई स्पीड सेवाओं के मद्देनजर यहां इंटरनेट एक्सचेंज स्थापित करने का केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर से आग्रह किया था। हाल में केंद्र ने इंटरनेट एक्सचेंज की मंजूरी दी और फिर देहरादून के आइटी पार्क में इसे स्थापित किया गया। सोमवार को सहस्रधारा रोड स्थित एक होटल में आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री चंद्रशेखर ने दिल्ली से इंटरनेट एक्सचेंज का वर्चुअली उद्घाटन करते हुए कहा कि उत्तराखंड में डिजिटल क्रांति के प्रयासों का उनका मंत्रालय समर्थन करेगा। इंटरनेट एक्सचेंज देहरादून में इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और अधिक सामग्री वितरण नेटवर्क के आवागमन को बढ़ावा देगा। यह डिजिटल इको सिस्टम को ज्यादा मजबूत व भरोसेमंद बनाएगा।

राज्यसभा सदस्य बलूनी ने कहा कि डबल इंजन उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास को मुस्तैदी से जुटा है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट एक्सचेंज की स्थापना से राज्य में इंटरनेट से जुड़े उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। समारोह में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा देवेंद्र भसीन, केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव अजय प्रकाश, संयुक्त सचिव जयदीप मिश्रा, नेशनल इंटरनेट एक्सचेंज आफ इंडिया (निक्सी) के सीईओ अनिल जैन, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिपिन कैंथोला ने विचार रखे। कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजानदास व दीवान सिंह बिष्ट मौजूद थे, जबकि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी व बंशीधर भगत वर्चुअली जुड़े।

यह भी पढें-  Internet Exchange: दून में खुलेगा उत्तराखंड का पहला इंटरनेट एक्सजेंच, इन जिलों में भी होंगे स्थापित