उत्तराखंड के 9 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के नौ जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
उत्तराखंड के 9 जिलों में हल्की बारिश का येलो अलर्ट।
3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की संभावना।
गुरुवार को 8 जिलों में आकाशीय बिजली, तेज हवाएं चलेंगी।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ अगले तीन दिन प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने आज नौ जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, गुरुवार को आठ जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। गुरुवार को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। प्रदेश में शुक्रवार को भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव से उत्तराखंड में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के दो सपूतों को 29 और 32 साल बाद मिला बलिदानी होने का सर्टिफिकेट, सम्मान पाकर स्वजनों की छलकीं आंखें
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 30.2, 14.3
- पंतनगर, 31.8, 13.6
- मुक्तेश्वर, 18.8, 9.6
- नई टिहरी, 22.5, 8.2
