विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 31, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Weather: धरती पर पड़ते ही सूखीं वर्षा की बूंदें, भीषण गर्मी का प्रकोप जारी...हरिद्वार में पारे ने तोड़ा 20 वर्ष का रिकॉर्ड

Published: Fri, 31 May 2024 08:31 AM (IST)

Uttarakhand Weather भीषण गर्मी की मार झेल रहे उत्तराखंड के मैदानी जिलों में रात को भी राहत नहीं है। देहरादून ...और पढ़ें

Uttarakhand Weather: मैदानी क्षेत्रों में तप रही धरती, अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब
Uttarakhand Weather: मैदानी क्षेत्रों में तप रही धरती, अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब

HighLights

  1. न्यूनतम तापमान में भी रिकॉर्ड वृद्धि, दून में बुधवार की रात रही सबसे गर्म

जागरण संवाददाता, देहरादून: Uttarakhand Weather: भीषण गर्मी की मार झेल रहे उत्तराखंड के मैदानी जिलों में रात को भी राहत नहीं है। दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

देहरादून में दिन का पारा लगातार 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। जिससे दिनभर लू के थपेड़े चल रहे हैं। वहीं, न्यूनतम तापमान में आल टाइम हाई पहुंच गया है। दून में बुधवार देर रात कहीं-कहीं हल्की बौछारें भी पड़ीं, लेकिन वर्षा की बूंदें धरती पर गिरते ही सूख गईं। गुरुवार को दिनभर चटख धूप खिली और भीषण गर्मी ने हलकान किया।

मैदानी क्षेत्रों में आसमान से बरस रही आग

उत्तराखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में आसमान से आग बरस रही है। देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है। गर्म हवा के थपेड़ों से आमजन बेहाल हैं। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान बढ़ने से रात को भी गर्मी परेशान कर रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हुई है, खासकर चारधाम और आसपास के क्षेत्रों में बौछारें पड़ीं। लेकिन, प्रदेश में अभी गर्मी से राहत नहीं है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में आज भी मौसम शुष्क बना रह सकता है। पारा सामान्य से पांच से सात डिग्री सेल्सियस अधिक बना रहने की आशंका है। वहीं, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। शनिवार को ताजा पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयी क्षेत्र में दस्तक देने से पर्वतीय क्षेत्रों में मध्यम वर्षा हो सकती है। जिससे पारे में गिरावट आने की उम्मीद है।

दून में बुधवार की रात रही सबसे गर्म

दून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। बुधवार की रात को दून का न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक मई में सर्वाधिक है।

इस दून में मई में सामान्य न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। जबकि, यह सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। ऐसे में दिन के साथ ही रात को भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। मंगलवार की तुलना में भी बुधवार रात पारे में छह डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।

  • शहर, अधिकतम, न्यूनतम
  • देहरादून, 42.8, 29.3
  • ऊधम सिंह नगर, 42.4, 29.4
  • मुक्तेश्वर, 29.0, 18.1
  • नई टिहरी, 32.0, 19.4

हरिद्वार में तापमान ने 20 वर्ष का तोड़ा रिकॉर्ड

धर्मनगरी और आसपास क्षेत्रों में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। गुरुवार सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। बहादराबाद स्थित ऋतु आलोकशाला से मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार में गुरुवार को तापमान ने पिछले 20 वर्ष का रिकाॅर्ड तोड़ दिया। अधिकतम तापमान 42.5 और और न्यूनतम 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी और उमस के चलते पंखे, कूलर और एसी भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। मौसम के तल्ख तेवर को देख हाल फिलहाल गर्मी और उमस से राहत मिलती नहीं दिख रही है। धर्मनगरी और आसपास क्षेत्रों का पारा लगातार चढ़ रहा है। तन झुलसाने वाली गर्मी ने जीना मुहाल कर दिया है। दोपहर में लू के थपेड़ों के चलते गली मोहल्ले और बाजारों में सन्नाटा पसर रहा है।

शाम के वक्त ही चहल पहल दिख रही है। इधर गर्मी से निजात पाने को लोग गंगा घाटों का रुख कर रहे हैं। हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप और आसपास गंगा घाटों पर गुरुवार देर शाम तक खासी चहल पहल रही। प्रेमनगर आश्रम घाट के अलावा ज्वालापुर क्षेत्र के घाटों की भी रौनक देखते ही बन रही है।

गर्मी से निजात पाने को लोग गन्ने का रस और बेल शर्बत खूब पसंद कर रहे हैं। खीरा, तरबूज, ककड़ी, खरबूजा, शीतल पेय आदि की मांग में भी तेजी आयी है।

हरिद्वार में पिछले पांच दिनों का तापमान

  • दिनांक -अधिकतम -न्यूनतम
  • 24 मई -39.0 -24.0
  • 25 मई -39.0 -26.0
  • 26 मई -40.2 -27.2
  • 27 मई -41.5 -26.0
  • 28 मई -42.0 -23.5
  • 29 मई -41.5 -22.5
  • 30 मई -42.5 -29.5

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।